July 04, 2026


आरंग विधानसभा को 6 जुलाई को करोड़ों के विकास कार्यों की सौगात, तैयारियों की समीक्षा में जुटे मंत्री गुरु खुशवंत साहेब

आरंग:  आरंग विधानसभा क्षेत्र में आगामी 6 जुलाई को नगर पंचायत समोदा में आयोजित होने वाले भव्य लोकार्पण एवं भूमिपूजन समारोह की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। कार्यक्रम को लेकर कैबिनेट मंत्री एवं क्षेत्रीय विधायक गुरु खुशवंत साहेब ने रायपुर स्थित सर्किट हाउस (सिविल लाइन) में अधिकारियों की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक लेकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और आवश्यक निर्देश दिए।

बैठक में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रस्तावित आगमन को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा, बैठक व्यवस्था, यातायात, प्रोटोकॉल तथा अन्य व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यक्रम स्थल पर वाटरप्रूफ डोम, निर्बाध बिजली एवं पेयजल व्यवस्था, वीआईपी मूवमेंट तथा आम नागरिकों के बैठने और आवागमन के लिए बेहतर इंतजाम सुनिश्चित किए जाएं।

समीक्षा बैठक के दौरान मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने कहा कि आरंग विधानसभा की जनता से किए गए विकास के हर वादे को पूरा करना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने विश्वास जताया कि 6 जुलाई का यह आयोजन क्षेत्र के विकास में नया मील का पत्थर साबित होगा और जनसेवा के संकल्प को नई गति देगा।

बैठक में लोकार्पण एवं भूमिपूजन से जुड़े सभी विभागों को निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। साथ ही पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों को कार्यक्रम के दौरान सुचारू यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए रूट चार्ट तैयार करने तथा आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न होने देने के निर्देश भी दिए गए। लोक निर्माण विभाग, विद्युत विभाग और स्थानीय प्रशासन को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने की हिदायत दी गई।

बताया गया कि इस आयोजन के दौरान आरंग विधानसभा क्षेत्र में बुनियादी ढांचे, शिक्षा, स्वास्थ्य और पेयजल से जुड़ी करोड़ों रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया जाएगा। इससे क्षेत्र के विकास को नई दिशा मिलने की उम्मीद है।

समीक्षा बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों तथा विभिन्न विभागों के प्रमुख उपस्थित रहे।


Advertisement

Tranding News

Get In Touch