आरंग। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर सर्व यादव समाज आरंग द्वारा नगर में भव्य एवं गरिमामयी शोभायात्रा निकाली गई। भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति और उत्साह से सराबोर इस शोभायात्रा में आरंग नगर सहित आसपास के ग्रामीण अंचलों से बड़ी संख्या में यादव समाज के प्रतिनिधि, युवा, महिलाएं एवं श्रद्धालु शामिल हुए। शोभायात्रा के दौरान पूरा नगर ‘जय श्रीकृष्ण’ और ‘हाथी घोड़ा पालकी, जय कन्हैया लाल की’ के जयघोष से गूंज उठा।
शोभायात्रा में श्रद्धालु पूरे उत्साह और भक्तिभाव के साथ शामिल हुए। पारंपरिक वेशभूषा और धार्मिक उत्साह के बीच निकली इस यात्रा ने नगर में जन्माष्टमी पर्व की भव्यता को और बढ़ा दिया। जगह-जगह लोगों ने शोभायात्रा का स्वागत किया।
कांग्रेसजनों ने पुष्पवर्षा कर किया स्वागत
शोभायात्रा का ब्लॉक कांग्रेस कमेटी आरंग शहर द्वारा मुख्य मार्ग पर मंच बनाकर गर्मजोशी के साथ स्वागत किया गया। प्रदेश के पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. शिवकुमार डहरिया के निर्देशानुसार कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों ने शोभायात्रा में शामिल श्रद्धालुओं पर पुष्पवर्षा की तथा शीतल जल पिलाकर उनका आत्मीय स्वागत किया।
इस दौरान यादव समाज के प्रमुखों एवं पदाधिकारियों को पुष्पहार पहनाकर एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया। स्वागत के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भगवान श्रीकृष्ण के जयकारे लगाते हुए शोभायात्रा में शामिल श्रद्धालुओं का उत्साह बढ़ाया।
भगवान श्रीकृष्ण का जीवन धर्म और एकता की प्रेरणा : खिलावन निषाद
इस अवसर पर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी आरंग शहर के अध्यक्ष खिलावन निषाद ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का जीवन हमें अधर्म पर धर्म की विजय, सत्य के मार्ग पर चलने और समाज को एकजुट रखने की प्रेरणा देता है। सर्व यादव समाज द्वारा प्रतिवर्ष जन्माष्टमी के अवसर पर निकाली जाने वाली यह शोभायात्रा हमारी समृद्ध सांस्कृतिक परंपरा, धार्मिक आस्था और सामाजिक समरसता की पहचान बन चुकी है।
उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन समाज में आपसी भाईचारा, एकता और सद्भाव को मजबूत करने के साथ नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने का कार्य करते हैं।
बड़ी संख्या में कांग्रेसजन रहे मौजूद
स्वागत कार्यक्रम में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी आरंग शहर अध्यक्ष खिलावन निषाद, नेता प्रतिपक्ष शरद जीतू गुप्ता, वरिष्ठ कांग्रेस नेता मंगल मूर्ति अग्रवाल, जिला अध्यक्ष युवा कांग्रेस रायपुर ग्रामीण सजल चंद्राकर, पार्षद समीर गोरी, भारती देवांगन, सूरज सोनकर, जय डहरिया, देवेंद्र धृतलहरें, गौरी बाई देवांगन, सादिक बेलिम, कुलदीप लोधी, सागर, सुदामा पाल जोशी, शेखर लोधी, चमन जलछतरी, आचू देवांगन, मनेश कंडरा, चंद्रहास साहू सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।
शोभायात्रा के दौरान नगर में उमड़ा जनसैलाब और गूंजते श्रीकृष्ण भक्ति के जयकारे जन्माष्टमी पर्व की आस्था और उत्साह को बयां करते नजर आए।