आरंग। समोदा हॉकी क्लब में विकासखंड स्तरीय बालक एवं बालिका शालेय नेहरू हॉकी प्रतियोगिता का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया। प्रतियोगिता का शुभारंभ मुख्य अतिथि स्वामी आत्मानंद विद्यालय समोदा के जनभागीदारी समिति अध्यक्ष घनश्याम साहू, उपाध्यक्ष राजू साहू, प्राचार्य शैलेन्द्र कुमार पाटले तथा पशु चिकित्सक गोवर्धन साहू ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए टॉस कराकर किया।
इस अवसर पर आरंग युवा एवं खेल संगठन के अध्यक्ष अमन साहू ने अतिथियों को हॉकी खिलाड़ियों के प्रशिक्षण के दौरान आ रही विभिन्न समस्याओं से अवगत कराया और उनके शीघ्र समाधान की मांग की। इस पर मुख्य अतिथि घनश्याम साहू ने खिलाड़ियों को आश्वस्त किया कि उनकी समस्याओं का जल्द निराकरण कराया जाएगा तथा आर्थिक सहयोग भी उपलब्ध कराया जाएगा।
प्राचार्य शैलेन्द्र कुमार पाटले ने भी खिलाड़ियों को हरसंभव सहयोग देने का भरोसा दिलाते हुए खेलों के विकास के लिए निरंतर प्रयास करने की बात कही।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने विश्वास व्यक्त किया कि आरंग युवा एवं खेल संगठन की कार्ययोजना के अनुरूप समोदा आने वाले समय में एक प्रमुख खेल हब के रूप में विकसित होगा। यहां के खिलाड़ी राज्य, राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर आरंग विधानसभा सहित प्रदेश और देश का नाम रोशन करेंगे।
प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों का चयन जिला स्तरीय नेहरू हॉकी प्रतियोगिता के लिए किया गया, जहां वे आरंग विकासखंड का प्रतिनिधित्व करेंगे।
इस अवसर पर वरिष्ठ व्यायाम शिक्षक एवं हॉकी कोच अंथ्रेस मिंज सहित बड़ी संख्या में खिलाड़ी और खेल प्रेमी उपस्थित रहे।