September 05, 2026


कंस की गर्जना से गूंजा सिटी कोतवाली थाना, जीवंत हुई श्रीकृष्ण जन्म की लीला

डॉ. पुरुषोत्तम चंद्राकर ने निभाई कंस की दमदार भूमिका, हथकड़ियों में बंधे देवकी-वासुदेव और शेषनाग की छत्रछाया में बाल गोपाल ने मोहा मन

आरंग । श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर रायपुर के सिटी कोतवाली थाना परिसर में श्रीकृष्ण जन्म की कथा को जीवंत करते हुए भव्य नाट्य प्रस्तुति का आयोजन किया गया। आधी रात कारागार में हथकड़ियों से बंधे देवकी-वासुदेव, पहरे पर तैनात सैनिक और अचानक गूंजती कंस की गर्जना ने पूरे वातावरण को मथुरा के कारागार में बदल दिया। भगवान श्रीकृष्ण के जन्म के साथ ही बंदीगृह के दरवाजे खुलने और पहरेदारों के बेसुध होने का दृश्य श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहा।

यह प्रस्तुति कृष्ण मित्र फाउंडेशन के तत्वावधान में आयोजित की गई। नाट्य प्रस्तुति का निर्माण प्रसिद्ध रंगकर्मी डॉ. पुरुषोत्तम चंद्राकर ने किया और उन्होंने स्वयं महाराजा कंस की दमदार भूमिका निभाकर पात्र में जान डाल दी। कंस की गर्जना और अभिनय ने दर्शकों को विशेष रूप से प्रभावित किया।

4 सितंबर की मध्य रात्रि 12 बजे सिटी कोतवाली थाना स्थित बंदीगृह में देवकी-वासुदेव के कारागार में बंद होने से लेकर कंस के अत्याचार, भगवान श्रीकृष्ण के जन्म और इसके बाद वासुदेव द्वारा बाल कृष्ण को टोकरी में लेकर यमुना पार करने के प्रसंग को नाट्य रूप में प्रस्तुत किया गया। शेषनाग की छत्रछाया में बाल गोपाल को लेकर वासुदेव के निकलने का दृश्य भी आकर्षण का केंद्र रहा।

भगवान श्रीकृष्ण के जन्म के बाद बाल गोपाल को टोकरी में विराजमान कर शेषनाग की छत्रछाया में भक्तों को दर्शन कराने के लिए सदर बाजार स्थित गोपाल मंदिर ले जाया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु उमड़ पड़े और पूरे मार्ग में भक्तिमय वातावरण बना रहा।

आयोजन में कृष्ण मित्र फाउंडेशन के अध्यक्ष माधव लाल यादव और सचिव गोवर्धन झंवर सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं एवं कार्यकर्ताओं ने सहभागिता की। कारागार की सजावट में श्रीमती अचला स्वामी, खुशी झंवर और रिया यादव का सहयोग रहा। वासुदेव की भूमिका सुनील यादव तथा माता देवकी की भूमिका श्रीमती हेमलता यादव ने निभाई।

महाराजा कंस की भूमिका में डॉ. पुरुषोत्तम चंद्राकर के साथ छप्पन भोग की व्यवस्था में श्रीमती चंदा पाल, श्रीमती लता चंद्राकर, धनु लाल देवांगन, विजय पाल, मीना यादव, रेखा झंवर, ममता कुर्मी, ऋषभ लोया, राजू यादव और हिमांशु यादव सहित अन्य सहयोगियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। आयोजन में थाना सिटी कोतवाली के स्टाफ का भी सहयोग रहा।

कृष्ण मित्र फाउंडेशन के अध्यक्ष माधव लाल यादव ने बताया कि यह आयोजन का 11वां वर्ष है। इस वर्ष भी सिटी कोतवाली थाना के कारागार को भव्य रूप से सजाया गया। जन्मोत्सव के अवसर पर धार्मिक परंपराओं के अनुसार भगवान श्रीकृष्ण का पूजन, 56 भोग, पंजीरी, फल-फूल एवं मेवा का भोग, भजन-कीर्तन, महाआरती और प्रसाद वितरण किया गया।

श्रीकृष्ण लीला की नाट्य प्रस्तुति के माध्यम से श्रद्धालुओं को भगवान श्रीकृष्ण के जन्म की कथा का संजीव अनुभव कराया गया। कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की उपस्थिति रही और पूरा सिटी कोतवाली परिसर कृष्ण भक्ति से सराबोर नजर आया।

प्रसिद्ध रंगकर्मी डॉ. पुरुषोत्तम चंद्राकर ने श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के आयोजन में सहयोग के लिए सिटी कोतवाली थाना स्टाफ एवं उपस्थित समस्त रायपुरवासियों के प्रति आभार व्यक्त किया।



Related Post

Advertisement

Tranding News

Get In Touch