मुंगेली, 06 सितंबर। दानवीर स्व. श्री रामलाल साव जी की 43वीं पुण्यतिथि के पावन अवसर पर भ. रा. साव धर्मादा ट्रस्ट एवं केशरवानी वैश्य सभा मुंगेली के संयुक्त तत्वावधान में आज मानस भवन, शिक्षक नगर (अंबेडकर वार्ड) में निःशुल्क हृदय रोग जाँच एवं निदान शिविर का सफल आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ दानवीर स्व. श्री रामलाल साव जी एवं कुल प्रवर्तक कश्यप मुनि के तैल चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ।
शिविर में कुल 120 मरीजों का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण, ईसीजी परामर्श एवं निदान किया गया। रायपुर से पधारे प्रसिद्ध हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. जोगेश विशनदासानी ने हृदय रोग के प्रमुख कारण, लक्षण एवं बचाव पर विस्तार से विचार रखे तथा समय पर जाँच की आवश्यकता पर जोर दिया।
प्रसिद्ध डायबिटीज एवं हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. पीयूष केशरवानी ने शुगर होने के कारण, सावधानियां, निदान के साथ-साथ नियमित शारीरिक गतिविधि, संतुलित आहार एवं योग को दैनिक जीवन में अपनाने का आह्वान किया।
ट्रस्ट के अध्यक्ष डॉ. विनय गुप्ता ने कहा कि भ. रा. साव धर्मादा ट्रस्ट सदैव सामाजिक सेवा एवं जन सहयोग के कार्यों के लिए प्रतिबद्ध है और भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी शिविर आयोजित किए जाते रहेंगे।
कार्यक्रम का संचालन केशरवानी वैश्य सभा मुंगेली द्वारा किया गया। इस अवसर पर समाज के वरिष्ठजन, ट्रस्ट के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में नगरवासी उपस्थित रहे।