किरंदुल : सेवा संकल्प अभियान के तहत विकासखंड स्तरीय भव्य रंगोली प्रदर्शन एवं साइकिल वितरण कार्यक्रम का आयोजन बुधवार को शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कुआकोंडा में गरिमामय वातावरण में किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सांसद महेश कश्यप रहे। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष नंदलाल मुडामी*, उपाध्यक्ष अरविंद कुंजाम, जनपद अध्यक्ष सुकालू मुड़ामी, जिला पंचायत सदस्य रामू नेताम एवं श्रीमती कमला विनय नाग सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
डीएमएफ मद से बालिकाओं को मिली साइकिलें
कार्यक्रम के दौरान डीएमएफ मद से कक्षा 6वीं की बालिकाओं को साइकिलों का वितरण किया गया। सांसद कश्यप ने बालिकाओं को साइकिल प्रदान करते हुए कहा कि यह साइकिलें दूरस्थ अंचलों से स्कूल आने वाली बेटियों के लिए आवागमन का सशक्त साधन बनेंगी और उनकी शिक्षा में निरंतरता बनाए रखेंगी। उन्होंने छात्राओं को मन लगाकर पढ़ाई करने और लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
रंगोलियों ने मोहा मन
विकासखंड के विभिन्न विद्यालयों के शिक्षकों और विद्यार्थियों द्वारा बनाई गई आकर्षक एवं रचनात्मक रंगोलियों ने सभी का मन मोह लिया। सांसद कश्यप और जिला पंचायत अध्यक्ष मुडामी ने रंगोलियों की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह की गतिविधियां बच्चों की रचनात्मक प्रतिभा को निखारने के साथ उन्हें कला, संस्कृति और सामाजिक सरोकारों से जोड़ती हैं। रंगोलियों के माध्यम से सेवा, शिक्षा, पर्यावरण और सामाजिक जागरूकता के संदेश दिए गए।
अधिकारी और शिक्षकों की रही मौजूदगी
कार्यक्रम में जिला शिक्षा अधिकारी प्रमोद ठाकुर, जिला मिशन समन्वयक हरीश प्रताप सिंह गौतम, एडीपीओ राजेंद्र पांडे, बीईओ प्रमोद भदौरिया, एबीईओ मनोज राठौर, बीआरसी रत्नू राणा सहित बड़ी संख्या में प्राचार्य, संकुल समन्वयक, शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं और पालकगण मौजूद रहे।