July 08, 2026


समोदा में सजेगा विकास का महामंच, मुख्यमंत्री कल देंगे ₹112 करोड़ से अधिक के 96 विकास कार्यों की सौगात

आरंग : आरंग विधानसभा क्षेत्र के बहुप्रतीक्षित विकास महापर्व का इंतजार अब समाप्त होने जा रहा है। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय गुरुवार, 9 जुलाई को नगर पंचायत समोदा में आयोजित विधानसभा स्तरीय भव्य भूमि-पूजन एवं लोकार्पण समारोह में शामिल होंगे। इस अवसर पर वे ₹112 करोड़ से अधिक की लागत वाले कुल 96 विकास कार्यों की सौगात आरंग विधानसभा क्षेत्र को देंगे।

कार्यक्रम के तहत मुख्यमंत्री ₹21.67 करोड़ की लागत से पूर्ण हुए 67 विकास कार्यों का लोकार्पण करेंगे, जबकि ₹90.34 करोड़ की लागत वाले 29 नए विकास कार्यों का भूमिपूजन करेंगे। इससे क्षेत्र में सड़क, स्वास्थ्य, नगरीय विकास और बुनियादी सुविधाओं के विस्तार को नई गति मिलने की उम्मीद है।

उल्लेखनीय है कि यह कार्यक्रम पहले 6 जुलाई को प्रस्तावित था, लेकिन अपरिहार्य कारणों से स्थगित कर दिया गया था। अब प्रशासन और जनप्रतिनिधियों ने सभी तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया है। नगर पंचायत समोदा सहित पूरे आरंग विधानसभा क्षेत्र में मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर उत्साह का माहौल है।

कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लेते हुए कैबिनेट मंत्री एवं क्षेत्रीय विधायक गुरु खुशवंत साहेब ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया और प्रशासनिक अधिकारियों की बैठक लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने सुरक्षा, यातायात, पेयजल, बैठक व्यवस्था तथा आम नागरिकों की सुविधाओं में किसी प्रकार की कमी नहीं रहने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह आयोजन आरंग विधानसभा के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित होगा।

लोकार्पण होने वाले 67 कार्यों में लोक निर्माण विभाग के ₹9.43 करोड़ के 3 कार्य, नगर पंचायत समोदा के ₹6.67 करोड़ के 20 कार्य, आरंग नगर पालिका के ₹4.78 करोड़ के 39 कार्य तथा ग्रामीण यांत्रिकी सेवा (आरईएस) के ₹79 लाख के 5 कार्य शामिल हैं।

वहीं भूमिपूजन किए जाने वाले 29 कार्यों में लोक निर्माण विभाग के ₹61.11 करोड़ के 8 कार्य, नवा रायपुर के सेक्टर-17 कोटराभाठा में ₹18 करोड़ की लागत से बनने वाले 100 बिस्तरों के आधुनिक अस्पताल का निर्माण, नगर पंचायत समोदा के ₹8.70 करोड़ के 9 कार्य तथा ग्रामीण यांत्रिकी सेवा के ₹2.54 करोड़ के 11 कार्य शामिल हैं।

समारोह की अध्यक्षता उप मुख्यमंत्री अरुण साव करेंगे। कार्यक्रम में वन एवं पर्यावरण मंत्री केदार कश्यप, लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा तथा रायपुर लोकसभा सांसद बृजमोहन अग्रवाल सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहेंगे।

कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने कहा कि आरंग विधानसभा के प्रत्येक गांव तक मूलभूत सुविधाएं पहुंचाना और क्षेत्र का संतुलित विकास उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में स्वीकृत ये विकास कार्य क्षेत्र के बुनियादी ढांचे को मजबूत करेंगे और आमजन के जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव लाएंगे।

मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर समोदा में विशाल पंडाल, सुरक्षा व्यवस्था, पार्किंग, यातायात नियंत्रण तथा वीआईपी मूवमेंट की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। क्षेत्रवासियों को उम्मीद है कि इस विकास महापर्व के माध्यम से आरंग विधानसभा को नई विकास परियोजनाओं की सौगात मिलेगी और क्षेत्र के विकास को नई गति प्राप्त होगी।


Advertisement

Tranding News

Get In Touch