डोंगरगढ़ :- गोंदिया डिस्ट्रिक्ट चेस एसोसिएशन एवं विदर्भ साहित्य संघ के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित रमेश विनायकराम कोतवाल स्मृति ऑल इंडिया शतरंज चैंपियनशिप में छत्तीसगढ़ के प्रतिभाशाली खिलाड़ी स्पर्श खंडेलवाल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। स्पर्श ने सर्वाधिक अंक अर्जित कर पहला स्थान प्राप्त किया और उन्हें 21 हजार रुपये की नगद पुरस्कार राशि तथा ट्रॉफी से सम्मानित किया गया।
प्रतियोगिता में मध्यप्रदेश के कमद मिश्रा दूसरे स्थान पर रहे, जिन्हे 11 हजार रुपये का पुरस्कार मिला। तीसरा स्थान नागपुर के सुहान देशपांडे ने हासिल किया, जबकि रायपुर के सालिक मनिहार चौथे स्थान पर रहे।
विभिन्न वर्गों में भी खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। सीनियर सिटीजन वर्ग में नागपुर के अंजर खान, महिला वर्ग में छावि झाड़े, अनरेटेड वर्ग में आशीष मराठे तथा गोंदिया जिला वर्ग में कपिल वाधवानी प्रथम रहे।
आयु वर्ग प्रतियोगिताओं में अंडर-13 बालक वर्ग में अद्वित पांडे और बालिका वर्ग में नृत्या गुरवे, अंडर-11 में तृष्णा मुरकुटे एवं गरिमा पिगारे, अंडर-9 में शिवांश गुरनले एवं श्रनाया गजभिये, जबकि अंडर-7 वर्ग में अयांश डेकाटे और अमिषा धुर्वे विजेता रहे। उभरते खिलाड़ी के रूप में अनशंम ढोक को विशेष पुरस्कार प्रदान किया गया।
भवभूति रंगमंदिर में आयोजित इस प्रतियोगिता में देशभर के 184 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। विजेताओं को माधुरी नासरे, डॉ. राजीव कोलते, रवि आर्य, दिलीप जैन एवं शिखा पिपलेवार ने पुरस्कार प्रदान किए। कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. नितिन कोतवाल ने की। प्रतियोगिता के मुख्य निर्णायक प्रवीन ठाकरे रहे, जबकि मुकेश बारई ने संचालन और नियाज शेख ने आभार व्यक्त किया।