January 22, 2026


एसएससी भर्ती में बड़ी सफलता 11 युवाओं का केंद्रीय सुरक्षा बलों में चयन

राजनांदगांव: ग्राम पंचायत सुंदरा स्थित गुरुकुल फिजिकल एकेडमी ने एक बार फिर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। हाल ही में घोषित एसएससी भर्ती परीक्षा परिणाम में एकेडमी से प्रशिक्षण प्राप्त 11 युवाओं का चयन केंद्रीय सुरक्षा बलों में हुआ है। चयनित अभ्यर्थियों में पांच बालिकाएं और छह बालक शामिल हैं, जिन्होंने वर्षों की मेहनत, अनुशासन और दृढ़ संकल्प के बल पर यह सफलता हासिल की। जनप्रतिनिधियों ने इन्हें सम्मानित कर क्षेत्र युवाओं के लिए प्रेरणा बताया है।

इन युवाओं ने पांच से छह वर्षों तक लगातार कठिन परिश्रम किया। कई बार असफलताओं का सामना करने के बावजूद उन्होंने हार नहीं मानी और अपने लक्ष्य पर डटे रहे। निरंतर अभ्यास और आत्मविश्वास ने अंततः उन्हें सफलता दिलाई। उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व भी गुरुकुल फिजिकल एकेडमी से नगर सेना और जिला बल में दर्जनों युवाओं का चयन हो चुका है। इस उपलब्धि का श्रेय मुख्य रूप से मुख्य कोच कामता प्रसाद यादव को दिया जा रहा है, जो युवाओं को शारीरिक प्रशिक्षण के साथ-साथ शैक्षणिक मार्गदर्शन भी प्रदान करते हैं। सीनियर खिलाड़ी अनिल साहू का भी विशेष योगदान रहा, जिन्होंने प्रशिक्षण के दौरान युवाओं का लगातार उत्साहवर्धन किया।

सीआएसएफ में चयनित युवाओं में लीना साहू, कामनी, मधु ठाकुर शामिल हैं। इसी तरह बीएसएफ में गजाधर, अनिता, दर्शील, आर्यान, संजू, मनीषा, आराधना और सीआरपीएफ में प्रदीप का चयन हुआ है। सभी चयनित युवाओं के सम्मान में गुरुकुल मैदान में भव्य स्वागत एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान चयनित अभ्यर्थियों को हार-माला और श्रीफल भेंट कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। कार्यक्रम में जनपद पंचायत अध्यक्ष प्रतिमा चंद्राकर, पप्पू चंद्राकर, सरपंच हिपेंद्र साहू, उपसरपंच भूपेंद्र सेन, पंच देवकुमार साहू, चुरामन साहू, जयंत साहू, ट्रेनर मनोहर, मुख्य कोच कामता प्रसाद यादव सहित ग्रामीण उपस्थित रहे।


Related Post

Advertisement

Tranding News

Get In Touch