May 18, 2026


स्वास्थ्य विभाग की टीम पहुंची कुष्ठ रोगी कुमली के घर,साथ बैठकर किया भोजन


दंतेवाड़ा।मुख्यमंत्री स्वस्थ बस्तर अभियान के तहत स्वास्थ्य विभाग की टीम लगातार अंदरूनी गांवों तक पहुंचकर ग्रामीणों की स्वास्थ्य जांच एवं उपचार कार्य में जुटी हुई हैं।मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अजय रामटेके के निर्देश पर विकासखंड दंतेवाड़ा अंतर्गत ग्राम मुस्केल के सरपंच पारा में स्वास्थ्य विभाग द्वारा विशेष स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किया गया।

अभियान के दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम कुष्ठ रोग से पीड़ित महिला कुमली के घर पहुंची,जहां उनकी स्वास्थ्य जांच की गई। साथ ही परिवार एवं आसपास के अन्य लोगों की भी जांच कर उन्हें स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक जानकारी दी गई। टीम ने ग्रामीणों को बताया कि समय पर कुष्ठ रोग की पहचान और उपचार से होने वाली विकलांगता को रोका जा सकता है।लोगों को शरीर पर दिखाई देने वाले दाग-धब्बों की तत्काल जांच कराने के लिए भी जागरूक किया गया।

स्वास्थ्य विभाग की टीम ने ग्रामीणों को कुष्ठ रोग से जुड़े सामाजिक भेदभाव और भ्रांतियों को दूर करने का संदेश दिया। अधिकारियों ने कहा कि कुष्ठ रोग एक सामान्य बीमारी है, जिसका उपचार संभव है और मरीजों के साथ किसी प्रकार का भेदभाव नहीं किया जाना चाहिए।

इस दौरान खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. भुवन विजय कुर्रे सहित स्वास्थ्य विभाग की पूरी टीम ने कुमली एवं उनके परिवार के साथ बैठकर भोजन किया। यह संवेदनशील पहल समाज में कुष्ठ रोगियों के प्रति अपनत्व और समान व्यवहार का संदेश देने वाली रही। टीम के इस व्यवहार से कुमली और उनका पूरा परिवार काफी भावुक एवं खुश नजर आया।


Related Post

Advertisement

Tranding News

Get In Touch