किरंदुल : श्रमिकों एवं उद्योगों के हितों की आवाज़ बुलंद करने के साथ-साथ समाज सेवा को अपना कर्तव्य मानने वाले बैलाडीला के प्रमुख श्रम संगठन मेटल माइंस वर्कर्स यूनियन इंटक ने एक बार फिर यह साबित कर दिया कि सच्ची श्रद्धा केवल शब्दों में नहीं, बल्कि सेवा और संवेदनशीलता से परिलक्षित होती है। सरदार वल्लभभाई पटेल लाइब्रेरी किरंदुल में आयोजित सेवा कार्यक्रम के माध्यम से नगर के वृद्ध,असहाय एवं जरूरतमंद नागरिकों को वर्षा ऋतु में कंबल और छातों का वितरण कर संगठन ने मानवता, सेवा और सामाजिक उत्तरदायित्व का प्रेरणादायी उदाहरण प्रस्तुत किया।
यूनियन के अध्यक्ष विनोद कुमार कश्यप की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में सचिव ए के सिंह ने कहा कि लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल ने देश को एकता के सूत्र में पिरोकर राष्ट्रनिर्माण की जो अमूल्य विरासत दी,वही आज समाज को सेवा, समर्पण और संगठन की प्रेरणा देती हैं।एमएमडब्ल्यू यूनियन सदैव ऐसे महान व्यक्तित्वों के आदर्शों से प्रेरणा लेकर श्रमिक हितों के साथ-साथ शिक्षा,स्वास्थ्य, पर्यावरण, स्वच्छता तथा जरूरतमंद लोगों की सहायता जैसे जनकल्याणकारी कार्यों में निरंतर सक्रिय रहता हैं।इसी उद्देश्य से आयोजित इस कार्यक्रम में जरूरतमंद लोगों को कंबल एवं छाते वितरित किए गए।