June 11, 2026


गेड़ी दौड़ में आजमाया हाथ मस्ती की पाठशाला में उमड़ी भीड़

राजनांदगांव: नगर निगम द्वारा प्रत्येक रविवार को आयोजित की जा रही मस्ती की पाठशाला लोगों के बीच लगातार लोकप्रिय होती जा रही है। रविवार को आयोजित पाठशाला में बच्चों, युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। पारंपरिक खेलों से लेकर योग, जुम्बा और चित्रकला तक विभिन्न गतिविधियों ने सभी का ध्यान आकर्षित किया। बता दें कि 14 जून को इस कार्यक्रम का अंतिम आयोजन किया जाएगा।

पाठशाला में गेंड़ी दौड़, बाटी-चम्मच दौड़, स्पंज से पानी भरने की प्रतियोगिता और रस्साकशी जैसे खेलों में प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। वहीं पिट्ठुल, रिंग टास, सांप-सीढ़ी, बैडमिंटन, तीरंदाजी और कराटे जैसी गतिविधियों का भी लोगों ने आनंद लिया। छोटे बच्चों के लिए झूला और फिसलपट्टी आकर्षण का केंद्र रहे। आयुक्त अतुल विश्वकर्मा ने कहा कि समाज और खेल जगत से जुड़े लोगों के सहयोग से कार्यक्रम का सफल संचालन हो रहा है। निगम प्रशासन, पुलिस और यातायात विभाग के अधिकारी-कर्मचारी भी व्यवस्थाओं में सहयोग कर रहे हैं।

 योगा, छत्तीसगढ़ गानों पर किया जुंबा

बुजुर्गों ने स्वास्थ्य लाभ के लिए योग किया, जबकि बच्चे और युवा अंत तक जुंबा डांस में छत्तीसगढ़ी गीतों पर थिरकते रहे। चित्रकला प्रतियोगिता में भी बड़ी संख्या में बच्चों ने भाग लेकर अपनी कल्पनाओं को रंगों के माध्यम से अभिव्यक्त किया। कार्यक्रम में बंदर, गोरिल्ला और मिकी माउस की वेशभूषा में कलाकार भी बच्चों का मनोरंजन करते नजर आए।

 भीड़ को सराहा, बच्चों को मिले पुरस्कार

महापौर मधुसूदन यादव ने कहा कि हर रविवार बढ़ रही भीड़ इस बात का संकेत है कि लोगों में स्वस्थ मनोरंजन और पारंपरिक खेलों के प्रति रुचि बढ़ रही है। उन्होंने नागरिकों से अगले रविवार आयोजित होने वाली अंतिम मस्ती की पाठशाला में परिवार सहित शामिल होने की अपील की। आयुक्त अतुल विश्वकर्मा, निगम अध्यक्ष टोपेंद्र सिंह पारस वर्मा और पार्षदों ने पाठशाला पहुंचकर प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाया। इस दौरान चित्रकला प्रतियोगिता में शामिल बच्चों को पुरस्कृत भी किया गया।


Advertisement

Tranding News

Get In Touch