रायपुर : भारतीय कृषि विज्ञान में उत्कृष्ट उपलब्धि एवं उत्कृष्टता के लिए स्वर्ण पदक प्राप्त करने पर डॉ. अनिल दीक्षित को आज रायपुर में विशेष सम्मान प्रदान किया गया। डॉ. दीक्षित, संयुक्त निदेशक, आईसीएआर - एनआईबीएसएम, रायपुर को यह स्वर्ण पदक पंजाब लुधियाना में 18-21 नवंबर को आयोजित चतुर्थ अंतराष्ट्रीय खरपतवार सम्मेलन के दौरान प्रदान किया गया था। वहां मुख्य अतिथि पंजाब कुलपति डॉ. एच.एस. धालीवाल ने उन्हें यह सम्मान सौंपा था। डॉ. दीक्षित ने बस्तर के आदिवासी किसानों के साथ कार्य करते हुए आदिवासी कृषि व्यवस्था के उत्थान में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। इस कार्य के लिए उन्हें ICAR का Outstanding Tribal Farming Research के लिए फखरुद्दीन अली अहमद पुरस्कार भी प्राप्त हो चुका है। इसके अतिरिक्त उन्हें कृषि विज्ञान के क्षेत्र में कई अन्य राष्ट्रीय पुरस्कार भी प्राप्त हुए हैं। इसी उपलब्धि की मान्यता में आज छत्तीसगढ़ कन्यकुब्ज एजुकेशन बोर्ड के संचालकों द्वारा डॉ. दीक्षित को विशेष सम्मान दिया गया। इस अवसर पर रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने डॉ. दीक्षित को सम्मानित करते हुए कृषि विज्ञान के क्षेत्र में उनके 33 वर्षों के योगदान की सराहना की। इस अवसर पर रायपुर पुलिस कमिश्नर तथा औषधीय बोर्ड के उपाध्यक्ष अंजय शुक्ला भी उपस्थित रहे।