सुकमा : छत्तीसगढ़ शासन की महत्वाकांक्षी समर्थन मूल्य पर धान खरीदी योजना का लाभ वास्तविक किसानों तक पहुंचाने और खरीदी प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए सुकमा जिला प्रशासन पूरी सतर्कता के साथ कार्य कर रहा है। कलेक्टर श्री अमित कुमार के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में जिलेभर में धान के अवैध परिवहन, भंडारण और बिचौलियों की गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए लगातार निगरानी एवं जांच अभियान चलाया जा रहा है।
इसी कड़ी में सोमवार को रात्रि गश्त के दौरान खाद्य विभाग एवं मंडी के संयुक्त दल ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम झापरा से भेलवापाल रोड पर एक पिकअप वाहन (क्रमांक CG17LB3165) को पकड़ा। जांच के दौरान वाहन में संजय गेन (निवासी चिकपल्ली, मलकानगिरी) द्वारा 60 बोरी (कुल वजन 30 क्विंटल) धान का अवैध परिवहन किया जाना पाया गया। संयुक्त दल ने तत्काल मंडी अधिनियम के तहत सख्त कार्यवाही करते हुए उक्त अवैध धान को पिकअप वाहन सहित जब्त कर थाना सुकमा की अभिरक्षा में सुपुर्द कर दिया है।
किसान हितैषी सरकार द्वारा जिले में धान खरीदी के लिए कुल 27 उपार्जन केंद्र बनाए गए हैं, वहीं किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए बुड़दी और बड़ेसेट्टी में दो नए खरीदी केंद्र भी प्रारंभ किए गए हैं। इसके अतिरिक्त, खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में 'कृषक उन्नति योजना' के अंतर्गत धान उत्पादक किसानों को प्रति एकड़ 13,839 रुपये की आदान सहायता राशि सीधे बैंक खाते में प्रदान करने का निर्णय लिया गया है। इस योजना के तहत किसानों को निर्धारित पूरी मात्रा में धान विक्रय करने की बाध्यता नहीं है, बल्कि डिजिटल क्रॉप सर्वे में सत्यापित रकबे के आधार पर ही सहायता राशि मिलेगी, जिससे किसानों की आय में वृद्धि होगी और कृषि लागत कम होगी।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि समर्थन मूल्य पर धान खरीदी व्यवस्था में किसी भी प्रकार की अनियमितता अथवा अवैध भंडारण को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। वास्तविक किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाना और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए निगरानी दलों द्वारा निरंतर जांच जारी रहेगी और नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।