खैरागढ़: सरकारी स्कूलों में प्रार्थना सभा को लेकर अब नया विवाद सामने आया है। राष्ट्रगीत, राष्ट्रगान और विभिन्न मंत्रों के नियमित पाठ के लिए लाउडस्पीकर (पोंगा) लगाने की व्यवस्था को लेकर शिक्षकों पर दबाव बनाए जाने का आरोप लगा है। शिक्षकों का कहना है कि स्कूलों के पास इसके लिए अलग से बजट उपलब्ध नहीं है, इसके बावजूद संस्था प्रमुखों और शिक्षकों से अपने वेतन से पोंगा की व्यवस्था करने की बात कही जा रही है। इसको लेकर छत्तीसगढ़ सहायक शिक्षक समग्र शिक्षक फेडरेशन की जिला इकाई ने आपत्ति जताते हुए अनुविभागीय दंडाधिकारी (राजस्व) खैरागढ़ को ज्ञापन सौंपा है। शासन के 12 जून 2026 के आदेश के तहत जिले के सभी शासकीय स्कूलों में निर्धारित समय पर राष्ट्रगीत, राष्ट्रगान, राज्यगीत, सरस्वती वंदना, गुरु वंदना, दीप मंत्र, गायत्री मंत्र, शांति मंत्र और भोजन मंत्र का नियमित संचालन किया जा रहा है। इस व्यवस्था का उद्देश्य विद्यार्थियों में शांति, सद्भावना, देशभक्ति, नैतिकता, संस्कार और गुरुजनों के प्रति सम्मान की भावना विकसित करना है। शिक्षकों का कहना है कि वे शासन के निर्देशों के अनुरूप इन गतिविधियों का संचालन कर रहे हैं, लेकिन अब प्रार्थना सभा में ध्वनि विस्तारक यंत्र के उपयोग को लेकर नई परेशानी खड़ी हो गई है।
फेडरेशन ने ज्ञापन में बताया कि जिला शिक्षा अधिकारी और संकुल समन्वयकों के माध्यम से स्कूलों में लाउडस्पीकर लगाने के लिए निर्देशित किया जा रहा है। जबकि जिले के कई प्राथमिक स्कूलों में विद्यार्थियों की संख्या कम है। ऐसे स्कूलों के पास अतिरिक्त खर्च करने के लिए पर्याप्त राशि नहीं है। शासन स्तर पर भी ध्वनि विस्तारक यंत्र की खरीदी के लिए अलग से कोई बजट या मद निर्धारित नहीं की गई है। इसके बावजूद शिक्षकों और संस्था प्रमुखों को अपने वेतन से पोंगा लगाने की बात कही जा रही है। शिक्षक फेडरेशन का सवाल है कि जब स्कूलों के लिए इस व्यवस्था का बजट ही निर्धारित नहीं है तो शिक्षकों पर व्यक्तिगत खर्च का दबाव क्यों बनाया जा रहा है? संगठन ने स्पष्ट किया कि शैक्षणिक और अन्य निर्धारित गतिविधियों के संचालन में शिक्षक अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं, लेकिन बिना बजट के अतिरिक्त आर्थिक भार डालना उचित नहीं है।
आदेश की प्रति और बजट उपलब्ध कराने की मांग
फेडरेशन ने एसडीएम से मांग की है कि पोंगा के माध्यम से प्रार्थना कराने संबंधी शासन के आदेश की प्रमाणित प्रति उपलब्ध कराई जाए। यदि लाउडस्पीकर लगाना अनिवार्य है तो इसके लिए शासन स्तर से आवश्यक बजट और राशि आवंटित की जाए। साथ ही किसी भी शिक्षक या संस्था प्रमुख को अपने वेतन से ध्वनि विस्तारक यंत्र खरीदने अथवा लगाने के लिए बाध्य नहीं किया जाए। जिला अध्यक्ष रामलाल साहू ने प्रशासन से मामले में हस्तक्षेप कर शिक्षकों की समस्या का उचित निराकरण करने और उन्हें अनावश्यक आर्थिक दबाव से राहत दिलाने की मांग की है