कानपुर। उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले में शुक्रवार देर रात ट्रेन हादसा हो गया। कानपुर और भीमसेन स्टेशन के बीच ब्लॉक सेक्शन में साबरमती एक्सप्रेस के 20 डिब्बे पटरी से उतर गए। अहमदाबाद साबरमती एक्सप्रेस हादसे में कोई गंभीर रूप से घायल नहीं है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, ड्राइवर कह रहा है कि बोल्डर इंजन से टकराया है। इसके चलते इंजन का कैटल गार्ड बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है। हादसे की जानकारी मिलते ही रेलवे के आधिकारी देर रात ही मौके पर पहुंच गए।
देर रात 3 बजे के आसपास हुआ हादसा
मौके पर पहुंचे रेल अधिकारियों ने बताया कि कानपुर के पास गोविन्द पुरी के आगे होल्डिंग लाइन पर ट्रेन के कई डब्बे पटरी से उतर गए। ये ट्रेन वाराणसी से अहमदाबाद जा रही थी। हादसा तकरीबन देर रात 3 बजे के आसपास हुआ है। फिलहाल साबरमती एक्सप्रेस ट्रेन के सभी पैसेंजर को हादसे वाली जगह से बस में बैठा कर कानपुर लाया गया है।
रेलवे ने जारी किए हेल्पलाइन नंबर
अभी तक मिली जानकारी के अनुसार, इस हादसे में किसी यात्री को कोई चोट नहीं आई है। मौके पर बचाव एवं राहत कार्य की टीम पहुंची हुई है। ट्रेन हादसे को देखते हुए रेलवे ने हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं।
(1) 01823/01824 (वी झाँसी-लखनऊ) JCO 17.08.24
(2) 11109 (वी झाँसी-लखनऊ जंक्शन) JCO 17.08.24
(3) 01802/01801 (कानपुर-मानिकपुर) JCO 17.08.24
(4) 01814/01813 (कानपुर-वी झाँसी) JCO 17.08.24
(5) 01887/01888 (ग्वालियर-इटावा) JCO 17.08.24
(6) 01889/01890 (ग्वालियर-भिण्ड) JCO 17.08.24
(1) 11110 (लखनऊ जंक्शन-वी झाँसी) JCO 16.08.24 परिवर्तित मार्ग गोविंदपुरी-इटावा-भिण्ड-ग्वालियर-वी झाँसी.
(2) 22537 (गोरखपुर-लो.तिलक टर्मिनल) JCO 16.08.2024 गोविंदपुरी-इटावा-भिण्ड-ग्वालियर-वी झाँसी.
(3) 20104 (गोरखपुर-लो.तिलक टर्मिनल) JCO 16.08.24 कानपुर-इटावा-भिण्ड-ग्वालियर-वी झाँसी.
रेल मंत्री का आया बयान
कानपुर में हुए ट्रेन हादसे को लेकर रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर कहा कि साबरमती एक्सप्रेस (वाराणसी से अहमदाबाद) का इंजन देर रात 02:35 बजे कानपुर के पास ट्रैक पर रखी किसी वस्तु से टकराकर पटरी से उतर गया। ट्रेन में तेज झटके के निशान देखे गए हैं। आईबी और यूपी पुलिस इस पर काम कर रही है। ट्रेन में सवार यात्रियों या रेलवे के कर्मचारियों को कोई चोट नहीं आई है। यात्रियों के लिए अहमदाबाद की आगे की यात्रा के लिए ट्रेन की व्यवस्था की गई है।