रामकुमार गुप्ता आरंग : प्रकाश पर्व एवं देव दिवाली के पावन अवसर पर सामाजिक सरोकार और सेवा भावना की अनूठी मिसाल पेश करते हुए आरंग के सोनू पुस्तक भंडार के संचालक बृजेश कुमार अग्रवाल ने अपने गृह ग्राम रेताल (भीमखोज-खल्लारी) पहुंचकर आंगनबाड़ी केंद्र के बच्चों को नेवता भोज कराया तथा गांव की आशा कार्यकर्ताओं का सम्मान किया। इस आयोजन के माध्यम से उन्होंने त्योहार की खुशियां बच्चों और ग्रामीणों के साथ साझा करते हुए सामाजिक जिम्मेदारी का परिचय दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ बृजेश कुमार अग्रवाल के पिता स्व. श्री कपिल नारायण अग्रवाल द्वारा प्रदत्त भूमि पर निर्मित आंगनबाड़ी केंद्र में छत्तीसगढ़ महतारी की पूजा-अर्चना एवं माल्यार्पण के साथ हुआ। इस अवसर पर ग्राम प्रमुखों एवं अतिथियों का बच्चों ने गुलाल लगाकर आत्मीय स्वागत किया।
इसके पश्चात बृजेश कुमार अग्रवाल एवं ग्रीष्मा अग्रवाल ने गांव की आशा कार्यकर्ताओं को श्रीफल, गुलदस्ता एवं स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मानित किया। स्वास्थ्य एवं जनसेवा के क्षेत्र में उनके योगदान की सराहना करते हुए उनके प्रति सम्मान प्रकट किया गया।
नेवता भोज के अंतर्गत आंगनबाड़ी के बच्चों को केला, सेब, राजगीर के लड्डू, मुर्रा लड्डू, तिल्ली के लड्डू सहित विभिन्न स्वादिष्ट एवं पौष्टिक खाद्य सामग्री परोसी गई। इस अवसर पर उपस्थित ग्रामीणों एवं गणमान्य नागरिकों ने भी प्रसादी ग्रहण की। स्वादिष्ट व्यंजनों का आनंद पाकर बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे।
कार्यक्रम को गरिमामय एवं सफल बनाने में सुरेश पटेल, रोशन लाल साहू, प्रकाश चंद्राकर, मन्नूलाल, खोलबहरीन बघेल, मालती पटेल, सुकबती बारीहा, पप्पू राम सबर, जागेश्वरी बारीहा, उषाबाई ध्रुव, आद्या अग्रवाल, भव्या अग्रवाल सहित अन्य ग्रामीणों का सराहनीय सहयोग रहा।
इस आयोजन से बच्चों में विशेष उत्साह देखने को मिला। बच्चों एवं ग्रामीणों ने बृजेश कुमार अग्रवाल और उनके परिवार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद दिया। प्रकाश पर्व के अवसर पर आयोजित यह कार्यक्रम आपसी प्रेम, सम्मान, सामाजिक सहभागिता और जरूरतमंदों के साथ खुशियां बांटने का प्रेरणादायी उदाहरण बना।