खैरागढ़: जिला भाजपा कार्यालय में शनिवार को दीपावली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश के प्रभारी मंत्री लखनलाल देवांगन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने कार्यकर्ताओं और नागरिकों को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी दी। समारोह में विकास योजनाओं के साथ आगामी विधानसभा और नगरीय निकाय चुनाव को लेकर भी राजनीतिक संदेश दिया गया। प्रभारी मंत्री देवांगन ने कहा कि खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले में लगातार विकास कार्य किए जा रहे हैं। कृषक उन्नति योजना के तहत सरकार ने कम धान बेचने वाले पंजीकृत किसानों के खातों में भी आदान सहायता राशि देने का निर्णय लिया है। इससे किसानों को पूर्व में की गई एकमुश्त राशि प्रदान करने की घोषणा पूरी करने की दिशा में कदम उठाया गया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश और प्रदेश में तेजी से विकास हो रहा है। प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, किसान सम्मान निधि, लखपति दीदी योजना, आयुष्मान भारत और निशुल्क राशन जैसी योजनाओं का लाभ आम लोगों तक पहुंच रहा है।
26 नई सोसायटियों के गठन का किया उल्लेख
जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह ने कहा कि दीपावली मिलन समारोह आपसी सौहार्द और उत्साह का अवसर है। उन्होंने कृषक उन्नति योजना के तहत किसानों को धान नहीं बेचने की स्थिति में भी आदान सहायता राशि देने के निर्णय को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से शासन की योजनाओं की जानकारी जन-जन तक पहुंचाने की अपील की। साथ ही बताया कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में केसीजी जिले में विभिन्न विकास कार्य हो रहे हैं और जिले में 26 नई सोसायटियों का गठन किया गया है।
नगर पालिका चुनाव में जीत का आह्वान
सांसद संतोष पांडे ने कहा कि केंद्र और राज्य की डबल इंजन सरकार के माध्यम से क्षेत्र में विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने जंगल क्षेत्रों में अमन-चैन स्थापित करने, महतारी वंदन योजना के माध्यम से पात्र परिवारों को लाभ पहुंचाने और किसान सम्मान निधि से किसानों को आर्थिक सहायता देने की बात कही। उन्होंने आगामी नगर पालिका परिषद चुनाव में भाजपा के अध्यक्ष पद के प्रत्याशी सहित सभी पार्षदों को जिताने के लिए कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर काम करने का आह्वान किया। समारोह में जिला भाजपा प्रभारी नलिनीश ठोकने, भाजपा विधानसभा प्रभारी एवं छत्तीसगढ़ खाद्य आयोग अध्यक्ष संदीप, जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित राजनांदगांव के अध्यक्ष सचिन सिंह बघेल, पूर्व संसदीय सचिव लाभचंद बाफना, कोमल जंघेल, किरण साहू, शशांक ताम्रकार, अनिल अग्रवाल, टीके चंदेल, खम्हन ताम्रकार, गिरजा चंद्राकर व अन्य उपस्थित रहे।