किरंदुल।कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर किरंदुल में जगन्नाथ सेवा समिति एवं उत्कल समाज के तत्वावधान में बोइता बंदना पर्व धूमधाम, श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर जगन्नाथ मंदिर परिसर स्थित तालाब में श्रद्धालुओं ने दीपों से सजी सुंदर-सुंदर नावें प्रवाहित कीं।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण फूलों और दीपों से सुसज्जित हरे रंग की विशाल मयूर आकृति वाली नाव रही।समिति के सदस्यों ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना,भगवान जगन्नाथ का स्मरण और संकल्प के बाद इस मयूर नाव को तालाब के जल में उतारा।नाव के जल में तैरते ही पूरा मंदिर परिसर “जय जगन्नाथ, हर-हर महादेव” के जयकारों से गूंज उठा।इसके साथ ही महिलाओं, बच्चों, बुजुर्गों और युवाओं ने केले के पत्तों, कागज और थर्माकोल से बनी छोटी-छोटी नावों में दीप, फूल, अक्षत, सुपारी और प्रसाद रखकर जल में प्रवाहित किया। देखते ही देखते पूरा तालाब दीपों की रोशनी से जगमगा उठा और भक्तिमय वातावरण बन गया।
क्या है बोइता बंदना, क्यों प्रवाहित की जाती है नाव
बोइता बंदना उड़िया समुदाय का अत्यंत प्राचीन, पौराणिक और सांस्कृतिक पर्व है, जो हर वर्ष कार्तिक पूर्णिमा को मनाया जाता है।
मान्यता के अनुसार प्राचीन काल में उत्कल (वर्तमान ओडिशा) के साहसी व्यापारी और नाविक, जिन्हें ‘साधव’ कहा जाता था,इसी कार्तिक पूर्णिमा के दिन बड़ी-बड़ी नावों (बोइता) में सवार होकर समुद्र मार्ग से जावा, सुमात्रा, बाली, बर्मा, श्रीलंका, थाईलैंड सहित दूर-दूर देशों में व्यापार के लिए जाते थे।
उस समय पूरा समाज नदी और समुद्र तट पर एकत्र होकर दीप जलाकर, फूल चढ़ाकर और मंगल गीत गाकर उनकी सुरक्षित यात्रा, सफल व्यापार और सकुशल वापसी की कामना करता था।
इसी परंपरा की स्मृति में आज भी कार्तिक पूर्णिमा को पूर्वजों को श्रद्धांजलि देते हुए छोटी नावों में दीप जलाकर जल में प्रवाहित किया जाता है। यह पर्व केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि उत्कल की गौरवशाली समुद्री व्यापार परंपरा, साहस, पराक्रम, समृद्धि और सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है।आयोजन के दौरान उत्कल समाज के वरिष्ठजनों ने युवाओं और बच्चों को बोइता बंदना के इतिहास और महत्व के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन नई पीढ़ी को अपनी जड़ों, संस्कृति और पूर्वजों की गौरवशाली परंपरा से जोड़ने का कार्य करते हैं।इस अवसर पर सचिव देवराज लेंका,अध्यक्ष अविनाश स्वाइन,जगन्नाथ सेवा समिति एवं उत्कल समाज के पदाधिकारियों सहित उड़िया समुदाय के बड़ी संख्या में परिवार उपस्थित रहे।इसके साथ ही अन्य समाज के श्रद्धालुओं ने भी कार्यक्रम में सहभागिता कर पर्व की शोभा बढ़ाई।
सभी ने भगवान जगन्नाथ के दर्शन कर परिवार की सुख-शांति, समृद्धि, खुशहाली और मंगलकामना की प्रार्थना की। अंत में प्रसाद वितरण के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।