राजनांदगांव : शहर की महिला क्रिकेटर महक नरवासे का इंग्लैंड के खिलाफ पांच मैचों की टी-20 श्रृंखला के लिए भारतीय अंडर-19 टीम में चयन हुआ है। लगातार दूसरी बार राष्ट्रीय टीम में जगह बनाकर महक ने राजनांदगांव का नाम रोशन किया है। इससे पहले जून-जुलाई 2026 में श्रीलंका अंडर-19 टीम के भारत दौरे के दौरान भी महक का चयन हुआ था। उस श्रृंखला में उन्हें भारतीय टीम की उपकप्तानी सौंपी गई थी। इंग्लैंड के खिलाफ 15 सदस्यीय टीम में दोबारा जगह मिलना उनके निरंतर प्रदर्शन का परिणाम है।
भारत-इंग्लैंड के बीच पहला टी-20 मुकाबला 26 नवंबर को वडोदरा में होगा। दूसरा मुकाबला 28 नवंबर को वडोदरा और शेष तीन मुकाबले एक, तीन और छह दिसंबर को सूरत में खेले जाएंगे। भारतीय टीम की कप्तानी भाविका अहीर और उपकप्तानी अनादी तागड़े करेंगी। यह श्रृंखला जनवरी 2027 में होने वाले अंडर-19 महिला टी-20 विश्व कप की तैयारियों के लिहाज से महत्वपूर्ण है। जिला क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष सुशील कोठारी, सचिव योगेश बागड़ी और प्रवक्ता लक्ष्मण लोहिया ने महक के चयन पर प्रसन्नता जताते हुए कहा कि उनकी उपलब्धि शहर की उभरती महिला क्रिकेट प्रतिभाओं के लिए प्रेरणास्रोत है।