November 22, 2026


पुराना पोर्टल बंद: नया स्मार्ट पीडीएस पोर्टल शुरू नहीं होने से राशन कार्ड से जुड़े जरूरी काम ठप

नए नाम अटके, पुराने कोटे में कटौती

राजनांदगांव: राशन कार्ड में परिवार के नए सदस्य का नाम जुड़वाना हो या किसी गलती में सुधार कराना हो, इन दिनों हितग्राहियों के लिए यह काम बड़ी परेशानी बन गया है। खाद्य विभाग का पुराना पोर्टल बंद होने और नया स्मार्ट पीडीएस पोर्टल शुरू नहीं होने से राशन कार्ड से जुड़े जरूरी काम ठप पड़े हैं। इसका सीधा असर गरीब और जरूरतमंद परिवारों पर पड़ रहा है। कहीं दो महीने से बच्चों का नाम नहीं जुड़ने के कारण उनके हिस्से का चावल नहीं मिल रहा, तो कहीं नाम की स्पेलिंग में गलती सुधार नहीं होने से आयुष्मान कार्ड अटक गया है। तकनीकी व्यवस्था के इंतजार में हितग्राही नगर निगम और खाद्य विभाग के चक्कर काटने को मजबूर हैं। नाम जुड़वाने के करीब 220 से अधिक आवेदन हैं। वहीं संशोधन के 41 से अधिक आवेदन लंबित है। राजनांदगांव जिले में दो लाख 55 हजार राशनकार्डधारी हैं। जिनमें सदस्यों की संख्या नौ लाख है।

बीपीएल परिवार को 35 किग्रा खाद्यान्न दिया जाता है। लेकिन इस माह कई परिवारों को 20 से 25 किग्रा ही खाद्यान्न मिल पाया है। इस संबंध में जब हितग्राहियों ने पीडीएस के संचालकों से जानकारी ली तो संचालकों ने एक स्वर में कहा कि शासन स्तर से आवंटन कम आया है। ग्राम बोईरडीह निवासी ऐश्वर्य साहू ने राशन कार्ड में अपने बच्चे का नाम जुड़वाने के लिए आवेदन किया था। दो महीने बीतने के बाद भी नाम नहीं जुड़ पाया है। इसके चलते बच्चे के हिस्से का चावल भी नहीं मिल रहा है। लगातार कार्यालयों के चक्कर लगाने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ है।

 शक्कर गायब, आयुष्मान भी अटका

जिले में करीब 409 पीडीएस की दुकानें हैं। पीडीएस की दुकानों से नवंबर माह में बीपीएल कार्डधारियों को शक्कर नहीं मिल पाया है। इसकी वजह शासन स्तर से आवंटन नहीं होना बताया जा रहा है। वहीं दूसरी ओर राशन कार्ड में गलती का खामियाजा भी गरीब परिवारों को भुगतना पड़ रहा है। ग्राम नवागांव निवासी चेतन के राशन कार्ड में उनकी बच्ची का नाम गलत दर्ज है। सुधार के लिए करीब एक महीने पहले आवेदन किया था, लेकिन पोर्टल बंद होने से संशोधन नहीं हो सका। इसका असर बच्ची के आयुष्मान कार्ड पर भी पड़ रहा है। राशन कार्ड में नाम सही नहीं होने से आयुष्मान कार्ड बनाने में दिक्कत आ रही है।




Advertisement

Tranding News

Get In Touch