November 22, 2026


लगातार तीसरे साल औरदा स्कूल का दबदबा 60 अंक लेकर बना चैंपियन

राजनांदगांव: घुमका संकुल के अंतर्गत ग्राम गोपालपुर में 19 एवं 20 नवंबर को आयोजित संकुल स्तरीय बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता में औरदा स्कूल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। प्रतियोगिता में प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक शाला के लगभग 200 बच्चों ने विभिन्न खेल विधाओं में हिस्सा लेकर अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। औरदा स्कूल ने कुल 60 अंक अर्जित कर प्रतियोगिता में पहला स्थान प्राप्त किया। खास बात यह रही कि औरदा स्कूल पिछले तीन वर्षों से लगातार संकुल स्तरीय बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता में चैंपियन बनता आ रहा है। दो दिवसीय प्रतियोगिता में दौड़, लंबी कूद, गोला फेंक, रस्सी कूद, कबड्डी और खो-खो सहित विभिन्न खेलों का आयोजन किया गया। पूर्व माध्यमिक शाला बालिका वर्ग में 100 मीटर दौड़ में चेतन वर्मा, 200 मीटर दौड़ में मोनिका नेताम, 400 मीटर दौड़ में चेतना वर्मा तथा 600 मीटर दौड़ में सेजल वर्मा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। गोला फेंक में रोशनी वर्मा द्वितीय और लंबी कूद में लावण्या वर्मा द्वितीय स्थान पर रहीं। वहीं कबड्डी और खो-खो के सामूहिक मुकाबलों में औरदा की बालिका टीम ने प्रथम स्थान हासिल किया। 

बालक वर्ग पूर्व माध्यमिक शाला में 100 मीटर दौड़ में तामेश्वर तथा 200 मीटर दौड़ में तामेश्वर यादव ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। 600 मीटर दौड़ में मान निषाद द्वितीय स्थान पर रहे। खो-खो के सामूहिक मुकाबले में बालक वर्ग की टीम ने प्रथम स्थान हासिल किया। प्राथमिक शाला बालिका वर्ग में भी औरदा की छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन किया। 80 मीटर दौड़ में यसना वर्मा प्रथम, लंबी कूद में नमिता ठाकुर द्वितीय और रस्सी कूद में तृषा यादव प्रथम स्थान पर रहीं। कबड्डी और खो-खो के सामूहिक मुकाबलों में भी बालिका टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। प्राथमिक शाला बालक वर्ग की खो-खो टीम द्वितीय स्थान पर रही। इस प्रकार प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक शाला के विद्यार्थियों ने अधिकांश खेल विधाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय को गौरवान्वित किया। लगातार तीन वर्षों से मिल रही इस सफलता से विद्यालय में उत्साह का माहौल है। बच्चों की इस उपलब्धि पर ग्राम सरपंच अक्षय पटेल, जनभागीदारी शिक्षा समिति के अध्यक्ष योगराज जंघेल एवं प्रधान पाठिका शीला सोनी ने विजेता विद्यार्थियों और क्रीड़ा प्रभारी शिक्षकों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।




Related Post

Advertisement

Tranding News

Get In Touch