November 15, 2026


सर्व हिंदू समाज ने मनाई भगवान बिरसा मुंडा की जयंती श्रद्धा और सम्मान के साथ किया नमन

राजनांदगांव। भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर सर्व हिंदू समाज, राजनांदगांव द्वारा फव्वारा चौक स्थित अग्रहरि भवन में श्रद्धा एवं सम्मान के साथ जयंती समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर समाज के विभिन्न वर्गों से जुड़े बड़ी संख्या में समाजजन एवं युवाओं ने उपस्थित होकर भगवान बिरसा मुंडा के छायाचित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया।

कार्यक्रम में उपस्थित समाजजनों ने भगवान बिरसा मुंडा के संघर्षपूर्ण जीवन, अदम्य साहस, राष्ट्रभक्ति और समाज के प्रति उनके योगदान को याद किया। वक्ताओं ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा भारतीय इतिहास के ऐसे महान जननायक हैं, जिन्होंने अन्याय और शोषण के विरुद्ध आवाज बुलंद की तथा समाज को अपने अधिकारों, संस्कृति और परंपराओं की रक्षा के लिए जागरूक किया।

वक्ताओं ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का जीवन हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कम उम्र में ही अपने विचारों, नेतृत्व क्षमता और संघर्ष के माध्यम से समाज में जागृति लाने का कार्य किया। उनका जीवन हमें अपनी संस्कृति, परंपराओं और स्वाभिमान के प्रति सजग रहने तथा समाजहित और राष्ट्रहित में कार्य करने की प्रेरणा देता है।

कार्यक्रम में उपस्थित समाजजनों ने भगवान बिरसा मुंडा के आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करने तथा समाज में एकता, समरसता और आपसी सद्भाव बनाए रखने का संकल्प लिया। आयोजन के दौरान सभी उपस्थितजनों ने उनके बताए मार्ग पर चलकर समाज और राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया।

इस अवसर पर अग्रहरि भवन में सर्व हिंदू समाज के अनेक गणमान्यजन, युवा एवं समाजसेवी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन भगवान बिरसा मुंडा को श्रद्धासुमन अर्पित कर उनके आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने के संकल्प के साथ हुआ। माननीय विभाग प्रचारक जी जितेंद्र शर्मा जी ने भगवान बिरसा मुंडा के जीवन पर प्रकाश डाला




Related Post

Advertisement

Tranding News

Get In Touch