राजनांदगांव : शहर के चार सीमावर्ती क्षेत्रों में अब 24 घंटे जलापूर्ति की सुविधा विकसित करने की तैयारी है। अमृत मिशन 2.0 के तहत राजनांदगांव नगर निगम को 24×7 जल प्रदाय पायलट परियोजना के लिए 7 करोड़ 36 लाख 27 हजार रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति मिली है। मोहड़, मोहारा, सिंगदई और हल्दी को इस परियोजना के लिए चुना गया है। यहां जल वितरण व्यवस्था को मजबूत करने के साथ टंकी निर्माण, बोर खनन और अन्य आवश्यक अधोसंरचनाओं का विकास किया जाएगा।
राज्य शहरी विकास अभिकरण (सूडा) ने 10 नवंबर को इस संबंध में विभागीय आदेश जारी किया है। महापौर मधुसूदन यादव ने इसे शहर के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए विधानसभा अध्यक्ष और राजनांदगांव विधायक डा. रमन सिंह के प्रयासों के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि उनके प्रयासों से कम समय में परियोजना को प्रशासकीय स्वीकृति मिल सकी।
जल वितरण व्यवस्था होगी आधुनिक
महापौर ने बताया कि परियोजना का उद्देश्य चयनित क्षेत्रों को जल सुरक्षित बनाना और प्रत्येक परिवार तक कार्यशील नल-जल कनेक्शन के माध्यम से नियमित आपूर्ति सुनिश्चित करना है। इसके तहत जल वितरण प्रणाली का विस्तार और सुदृढ़ीकरण किया जाएगा। इससे नागरिकों को पर्याप्त दबाव के साथ निरंतर पानी मिल सकेगा। साथ ही जल हानि कम करने और आपूर्ति की गुणवत्ता सुधारने पर भी काम होगा।
अन्य क्षेत्रों में विस्तार की भी तैयारी
महापौर ने निगम आयुक्त और विभागीय अधिकारियों को परियोजना के क्रियान्वयन के लिए कार्ययोजना बनाने, गुणवत्ता नियंत्रण और समय-सीमा तय करने के निर्देश दिए हैं। इसके लिए विभागीय बैठक कर अधिकारियों की जिम्मेदारी निर्धारित करने को कहा गया है। पायलट परियोजना सफल रहने पर भविष्य में शहर के अन्य क्षेत्रों में भी ऐसी जलापूर्ति व्यवस्था विकसित करने का मार्ग खुलेगा। निगम अध्यक्ष टोपेंद्र (पारस) वर्मा, जल कार्य विभाग के प्रभारी सुनील साहू, मोहारा पार्षद आलोक श्रोती, हल्दी पार्षद चंद्रकृत साहू, सिंगदई पार्षद मुकेश साहू और मोहड़ पार्षद संजय रजक ने परियोजना की स्वीकृति पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, विधानसभा अध्यक्ष डा. रमन सिंह, नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव, प्रभारी मंत्री गजेंद्र यादव, सांसद संतोष पांडेय और महापौर मधुसूदन यादव के प्रति आभार जताया।