May 17, 2026


अबू धाबी के बराकाह न्यूक्लियर पावर प्लांट पर ड्रोन हमला, आग लगने से मचा हड़कंप

अबू धाबी : संयुक्त अरब अमीरात के अबू धाबी स्थित बाराकाह न्यूक्लियर पावर प्लांट में ड्रोन हमले के बाद आग लगने की खबर सामने आई है। जानकारी के मुताबिक, प्लांट के बाहरी हिस्से में ड्रोन स्ट्राइक के बाद एक इलेक्ट्रिकल जनरेटर में आग भड़क उठी, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।

अबू धाबी मीडिया कार्यालय के अनुसार, घटना प्लांट की आंतरिक सुरक्षा परिधि के बाहर हुई। सूचना मिलते ही फायर और सुरक्षा एजेंसियों की टीम मौके पर पहुंची और आग पर जल्द काबू पा लिया गया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

यूएई की फेडरल अथॉरिटी फॉर न्यूक्लियर रेगुलेशन ने स्पष्ट किया है कि परमाणु संयंत्र के सभी जरूरी सिस्टम सामान्य रूप से काम कर रहे हैं और रेडियोलॉजिकल सुरक्षा स्तरों पर किसी प्रकार का असर नहीं पड़ा है। अधिकारियों ने कहा कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और आम लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है।

घटना के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने जांच शुरू कर दी है। फिलहाल यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि ड्रोन कहां से आया और हमले के पीछे कौन लोग शामिल हैं। अभी तक किसी संगठन ने इस हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है। यूएई प्रशासन ने भी किसी पक्ष को सीधे तौर पर जिम्मेदार नहीं ठहराया है।

गौरतलब है कि करीब 20 अरब डॉलर की लागत से तैयार बाराकाह न्यूक्लियर पावर प्लांट को दक्षिण कोरिया की मदद से विकसित किया गया था। वर्ष 2020 में शुरू हुआ यह संयंत्र अरब प्रायद्वीप का पहला और एकमात्र परमाणु ऊर्जा प्लांट माना जाता है।

यह घटना ऐसे समय हुई है जब पश्चिम एशिया में सुरक्षा हालात को लेकर पहले से ही तनाव बना हुआ है। इसके बाद यूएई ने ऊर्जा और परमाणु प्रतिष्ठानों की सुरक्षा और मजबूत करने के संकेत दिए हैं।


Advertisement

Tranding News

Get In Touch