आरंग : जिला पंचायत सदस्य वतन चन्द्राकर ने छत्तीसगढ़ में व्यायाम शिक्षक (पीटीआई) के रिक्त पदों पर शीघ्र भर्ती किए जाने की मांग का समर्थन करते हुए राज्य सरकार से तत्काल भर्ती प्रक्रिया शुरू करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के हजारों प्रशिक्षित एवं योग्य युवा वर्षों से नियुक्ति की प्रतीक्षा कर रहे हैं, जबकि सरकारी स्कूलों में व्यायाम शिक्षकों के अनेक पद रिक्त पड़े हैं। इससे विद्यालयों में शारीरिक शिक्षा और खेल गतिविधियां प्रभावित हो रही हैं।
वतन चन्द्राकर ने कहा कि जब पद स्वीकृत और रिक्त हैं, तो सरकार को बिना किसी विलंब के पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया प्रारंभ करनी चाहिए। इससे एक ओर शिक्षित युवाओं को रोजगार मिलेगा, वहीं दूसरी ओर स्कूलों में खेल संस्कृति को बढ़ावा मिलेगा और प्रदेश की खेल प्रतिभाओं को बेहतर मार्गदर्शन मिल सकेगा।
उन्होंने सोशल मीडिया पर भर्ती की मांग से जुड़ी पोस्ट हटाए जाने पर भी चिंता जताते हुए कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में युवाओं को अपनी मांग शांतिपूर्ण तरीके से रखने का पूरा अधिकार है। उनकी आवाज दबाने के बजाय सरकार को उनकी जायज मांगों पर गंभीरता से विचार करना चाहिए।
जिला पंचायत सदस्य ने मुख्यमंत्री एवं संबंधित विभाग से आग्रह किया कि व्यायाम शिक्षक के सभी रिक्त पदों पर शीघ्र भर्ती प्रक्रिया शुरू कर युवाओं के साथ न्याय किया जाए। उन्होंने कहा कि रोजगार उपलब्ध कराना सरकार की जिम्मेदारी है और योग्य युवाओं को उनका अधिकार मिलना चाहिए। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रदेश के प्रत्येक विद्यालय में प्रशिक्षित व्यायाम शिक्षक की नियुक्ति होने से ही स्वस्थ और खेलोन्मुख छत्तीसगढ़ का सपना साकार हो सकेगा।