फूलों का व्यापार एक ऐसा व्यवसाय है जिसकी मांग साल के 12 महीने होती है, जबकि शादी-विवाह के समय में फूलों की मांग दोगुनी हो जाती है. इस वजह से फूलों के व्यापार में लगे हुए लोग तगड़ा मुनाफा कमाते हैं. फूल एक ऐसी चीज है, जिसका उपयोग पूजा-पाठ, सांस्कृतिक कार्यक्रम, शादी-विवाह से लेकर हर तरीके के कार्यक्रमों में किया जाता है.
यही कारण है कि किसान फूलों की व्यावसायिक खेती करते हुए बढ़िया मुनाफा कमा रहे हैं. आजमगढ़ में कई किसान अपने खेतों में फूलों की खेती कर रहे हैं और अपने जिले के साथ-साथ आसपास के अन्य जिलों में इसकी सप्लाई भी कर रहे हैं, जिससे वे व्यावसायिक तौर पर अच्छा मुनाफा कमा रहे हैं.
व्यावसायिक रूप से फूलों की खेती करने के लिए आमतौर पर गेंदा और जरबेरा के फूलों की खेती की जाती है. आजमगढ़ में भी इन फूलों की खेती करते हुए बढ़िया मुनाफा कमाया जा सकता है. खेतों में जिस तरीके से गेंदे के फूलों की पैदावार की जाती है, कुछ उसी तरीके के आधार पर हम अपने खेतों में जरबेरा किस्म की पैदावार भी कर सकते हैं. इसके लिए व्यावसायिक रूप से कुछ विशेष इंतजाम करने की आवश्यकता होती है, जिससे फूलों की व्यावसायिक मांग की आपूर्ति के लिए भारी संख्या में पैदावार प्राप्त की जा सके.