November 24, 2026


खुली पोल: 1200 शिक्षक समय के पाबंद नहीं देर से पहुंच रहे स्कूल और जल्दी लौट रहे घरफोटो 20 राज 15

राजनांदगांव: स्कूलों में शिक्षकों की उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए आनलाइन हाजिरी की व्यवस्था लागू की गई, लेकिन इसके बावजूद शिक्षकों की मनमानी पर अंकुश नहीं लग पा रहा है। वीएसके (विद्या समीक्षा केंद्र) एप में आनलाइन हाजिरी की निगरानी के दौरान जिले के करीब 1200 शिक्षक ऐसे सामने आए हैं, जो निर्धारित समय के बाद स्कूल पहुंच रहे हैं और छुट्टी के निर्धारित समय से पहले ही स्कूल छोड़कर घर लौट रहे हैं। विभागीय अधिकारियों ने अब ऐसे शिक्षकों पर भी कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी है। दरअसल, शिक्षकीय और गैरशिक्षकीय कर्मचारियों के लिए वीएसके एप के माध्यम से आनलाइन उपस्थिति दर्ज करना अनिवार्य किया गया है। इसका उद्देश्य स्कूलों में समयबद्धता सुनिश्चित करने के साथ शिक्षकों की नियमित उपस्थिति पर निगरानी रखना है। इसके बावजूद व्यवस्था लागू होने के बाद से ही कई शिक्षक निर्धारित समय का पालन नहीं कर रहे हैं। आनलाइन हाजिरी के आंकड़ों की समीक्षा में यह गड़बड़ी सामने आइ है। विभागीय अधिकारियों के मुताबिक करीब 1200 शिक्षक निर्धारित समय के बाद स्कूल पहुंच रहे हैं। वहीं, स्कूल संचालन का समय पूरा होने से पहले ही परिसर छोड़ रहे हैं।

वीएसके एप में नियमित रूप से ऑनलाइन हाजिरी दर्ज नहीं करने वाले 13 शिक्षकों के खिलाफ विभाग पहले ही वेतन रोकने की कार्रवाई कर चुका है। अब निगरानी के दौरान देर से स्कूल पहुंचने और समय से पहले स्कूल छोड़ने वाले शिक्षकों को भी कार्रवाई के दायरे में लाने की तैयारी है। विभागीय स्तर पर आनलाइन उपस्थिति की समीक्षा की जा रही है। आनलाइन हाजिरी व्यवस्था लागू करने के पीछे स्कूलों में शिक्षकों की नियमित उपस्थिति और पढ़ाई के लिए निर्धारित समय का पालन सुनिश्चित करना है।

 दूसरे शहरों से करते हैं अप-डाउन

स्कूलों में शिक्षकों के देर से पहुंचने की एक बड़ी वजह उनका मुख्यालय में निवास नहीं करना भी सामने आ रही है। कई शिक्षक दुर्ग, भिलाई, रायपुर और बालोद जैसे शहरों से रोजाना आना-जाना कर रहे हैं। लंबी दूरी तय कर स्कूल पहुंचने के कारण उनके समय पर उपस्थिति दर्ज कराने पर सवाल उठ रहे हैं। शासन के निर्देशों के बावजूद मुख्यालय में निवास की अनिवार्यता का पालन नहीं होने से शैक्षणिक व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका है।




Advertisement

Tranding News

Get In Touch