July 26, 2026


केंद्रीय विद्यालय रायपुर रीजनल तीरंदाजी प्रतियोगिता में संस्कारधानी तीरंदाजी संघ के 5 खिलाड़ी ने जीता पदक

राजनांदगांव :- संस्कारधानी तीरंदाजी संघ जिला इकाई राजनांदगांव के खिलाड़ियों ने एक बार फिर अपनी प्रतिभा और उत्कृष्ट प्रदर्शन से जिले का नाम गौरवान्वित किया है। केन्द्रीय विद्यालय संगठन द्वारा आयोजित रायपुर रीजनल तीरंदाजी प्रतियोगिता में राजनांदगांव केन्द्रीय विद्यालय के खिलाड़ियों ने विभिन्न आयु वर्गों में शानदार प्रदर्शन करते हुए 5 खिलाड़ियों ने पदक अपने नाम किए।

उल्लेखनीय है कि सभी खिलाड़ी संस्कारधानी तीरंदाजी संघ के अंतर्गत नियमित प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। प्रतियोगिता में संघ के कुल पांच खिलाड़ियों ने अपने स्कूल की ओर से भाग लिया तथा अपने-अपने वर्ग में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए पदक अर्जित किए। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से जिले के खेल प्रेमियों एवं तीरंदाजी से जुड़े लोगों में हर्ष का वातावरण है।

एनआईएस कोच राहुल साहू ने बताया कि रीजनल तीरंदाजी प्रतियोगिता के अंडर-19 इंडियन राउंड में संस्कार वर्मा प्रथम, विशेष यादव द्वितीय स्थान प्राप्त किए। इसी प्रकार अंडर-19 कंपाउंड राउंड में मयंक कुमार सिन्हा प्रथम स्थान प्राप्त किया। अंडर-17 इंडियन राउंड में यशराज कावरे द्वितीय, वसुधा गुप्ता द्वितीय स्थान पर रहीं।

एनआईएस कोच श्री साहू ने बताया कि संस्कारधानी तीरंदाजी संघ की ओर से प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे ऐसे खिलाड़ी जिन्होंने जिला, संभाग, रीजनल, जोन आदि तीरंदाजी प्रतियोगिता में चयनित होकर राष्ट्रीय प्रतियोगिता में अपनी जगह बना लिए हैं, उन्हें एबीस राजनांदगांव द्वारा विशेष प्रशिक्षण हेतु आर्थिक मदद की घोषणा की है। एबीस राजनांदगांव की ओर राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयनित खिलाड़ियों को बेहतर प्रदर्शन के लिए तैयार करने हेतु एनआईएस कोच को उचित पारिश्रमिक प्रदान कर राजनांदगांव के खिलाड़ियों को पारंगत बनाने में सहयोग प्रदान कर रहे हैं, जो कि हर्ष का विषय है।

संस्कारधानी तीरंदाजी संघ राजनांदगांव एवं जिला तीरंदाजी संघ ने राष्ट्रीय खेल में अपनी जगह बनाने एवं अकादमी में चयन होने की इस उपलब्धि पर संघ के संरक्षक महापौर मधुसूदन यादव, खूबचंद पारख, सांसद संतोष पांडे, कोच राहुल साहू एवं कुशल रजक, अंजली यादव, अनुसुइया साहू, भूपेंद्र सिंह, संघ अध्यक्ष राजेंद्र गोलछा, उपाध्यक्ष राधेश्याम गुप्ता ने बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित करते हुए आगामी केन्द्रीय विद्यालय राष्ट्रीय तीरंदाजी प्रतियोगिता के लिए चयनित होने पर उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि खिलाड़ियों की मेहनत, अनुशासन एवं निरंतर अभ्यास का ही परिणाम है कि राजनांदगांव के खिलाड़ी लगातार राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना रहे हैं।



Related Post

Advertisement

Tranding News

Get In Touch