आरंग : नगर के गांधी चौक स्थित पुराने सब्जी बाजार से बस स्टैंड तक जाने वाली व्यस्त एवं संकरी गली में नाली की टूटी सीमेंट स्लैब लोगों के लिए खतरे का कारण बन गई है। स्लैब टूटकर धंस जाने से बीच सड़क पर गहरा गड्ढा बन गया है, जिससे हर समय दुर्घटना की आशंका बनी हुई है। स्थानीय लोगों ने राहगीरों को सतर्क करने के लिए गड्ढे पर पत्थर रख दिए हैं, लेकिन स्थायी समाधान नहीं होने से खतरा लगातार बना हुआ है।
यह मार्ग नगर के सबसे अधिक उपयोग किए जाने वाले रास्तों में से एक है, जहां दिनभर पैदल राहगीरों, दोपहिया वाहनों और स्थानीय नागरिकों की आवाजाही रहती है। बीच सड़क पर बने गड्ढे के कारण बुजुर्गों, बच्चों और वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। शाम और रात के समय पर्याप्त रोशनी नहीं होने से दुर्घटना की संभावना और बढ़ जाती है।
समाजसेवी गोपाल शुक्ला ने इस गंभीर समस्या पर चिंता जताते हुए कहा कि नगर पालिका और जनप्रतिनिधियों को तत्काल इस ओर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि व्यस्त मार्ग पर टूटी नाली की स्लैब की अनदेखी किसी बड़े हादसे को न्यौता देने के समान है। यदि समय रहते मरम्मत नहीं कराई गई तो किसी राहगीर के नाली में गिरने या गंभीर रूप से घायल होने जैसी घटना हो सकती है।
गोपाल शुक्ला ने बताया कि वे समय-समय पर जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रशासन के समक्ष उठाते रहे हैं। उन्होंने नगर पालिका से मांग की है कि टूटी स्लैब की तत्काल मरम्मत कर मार्ग को सुरक्षित बनाया जाए, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके। स्थानीय नागरिकों ने भी शीघ्र कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि जनसुरक्षा के ऐसे मामलों में लापरवाही नहीं बरती जानी चाहिए।