August 02, 2026


गुलवीर सिंह ने रचा इतिहास, CWG में 5000 मीटर इवेंट में पदक जीतने वाले बने पहले भारतीय एथलीट

स्कॉटलैंड के ग्लासगो में चल रहे कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारत के लिए एक अगस्त का दिन काफी ऐतिहासिक रहा है, जिसमें बॉक्सिंग के अलग-अलग इवेंट में गोल्ड मेडल की बरसात देखने को मिली तो वहीं एथलेटिक्स में गुलवीर सिंह ने 5000 मीटर रेस में इतिहास रच दिया। गुलवीर सिंह ने इस इवेंट में 13:24.95 की टाइमिंग के साथ ब्रॉन्ज मेडल जीतने वाले पहले भारतीय बन गए। इसके अलावा गुलवीर कॉमनवेल्थ गेम्स के एथलेटिक्स में मल्टीपल मेडल जीतने वाले भारत के पहले एथलीट भी बन गए हैं।

काफी रोमांचक रहा 5000 मीटर रेस का मेडल इवेंट

गुलवीर सिंह जिन्होंने इस इवेंट से पहले कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में ही 10000 मीटर रेस में सिल्वर मेडल अपने नाम किया था उनके लिए यह इवेंट काफी रोमांचक रहा। गुलवीर ने 5000 मीटर रेस को 13 मिनट 24.95 सेकेंड में पूरा किया तो वहीं इसी रेस में चौथे स्थान पर खत्म करने वाले केन्या के धावक कॉर्नेलियस केम्बोई सिर्फ 0.04 सेकेंड ही गुलवीर से पीछे रह गए। ऐसे में गुलवीर के लिए यह मेडल और भी खास हो जाता है। कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में एथलेटिक्स में भारतीय एथलीटों का प्रदर्शन काफी शानदार देखने को मिला है, जिसमें गुलवीर अब पहले ऐसे एथलीट बन गए हैं जो ट्रैक एंड फील्ड के दो अलग-अलग इवेंट में पदक जीतने में कामयाब हो सके हैं।

सेना में भर्ती होने के लिए की थी दौड़ने की शुरुआत

उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के रहने वाले 27 साल के गुलवीर सिंह ने सेना में भर्ती होने के लिए दौड़ने की शुरुआत की थी, जिसमें साल 2018 में वह भारतीय सेना का हिस्सा बन गए थे। वहीं सेना में भर्ती होने के बाद भी उन्होंने दौड़ना जारी रखा जिसके दम पर गुलवीर को एथलेटिक्स में हिस्सा लेने का मौका मिला। गुलवीर ने साल 2022 के एशियन गेम्स में 10 हजार मीटर दौड़ में हिस्सा लेने लिया था जिसमें वह कांस्य पदक जीतने में कामयाब रहे थे। इसके अलावा गुलवीर ने जब साल 2026 में हाफ मैराथन को सिर्फ 59 मिनट 42 सेकेंड में पूरा किया था तो वह पहले ऐसे भारतीय एथलीट बन गए जो इस दौड़ को एक घंटे से कम समय में खत्म करने में कामयाब हो सके।



Advertisement

Tranding News

Get In Touch