किरंदुल : कहते हैं मेहनत और सही सोच हो तो छोटी सी जगह भी बड़ी आमदनी का जरिया बन सकती है।इसका जीता-जागता उदाहरण हैं समेली गांव के किसान लिंगा तामो।लिंगा तामो ने महज 15 पीट की मशरूम की खेती शुरू की और आज उसी खेती से अपना जीवन स्तर ऊंचा कर रहे हैं। कम लागत, कम जगह और कम समय में तैयार होने वाली मशरूम की खेती उनके लिए आत्मनिर्भरता का नया रास्ता बन गई है।शुरुआत में उन्होंने थोड़े से बीज और स्थानीय संसाधनों से मशरूम उत्पादन शुरू किया। सही तापमान, नमी और देखभाल से उत्पादन अच्छा होने लगा।अब वे नियमित रूप से ताजा मशरूम तैयार कर किरंदुल हाट बाजार में बेच रहे हैं।बाजार में ताजा और शुद्ध मशरूम की अच्छी मांग होने से उन्हें अच्छी आमदनी हो रही है।लिंगा तामो का कहना है कि पहले खेती से ही परिवार चलाना मुश्किल था, लेकिन मशरूम की खेती से अब परिवार की आर्थिक स्थिति सुधरी है। उनकी इस सफलता को देखकर गांव के अन्य किसान और युवा भी मशरूम की खेती की ओर आकर्षित हो रहे हैं। गांव के लोग कहते हैं कि लिंगा तामो ने साबित कर दिया है कि खेती में भी नया प्रयोग करके अच्छा मुनाफा कमाया जा सकता है।
किरंदुल हाट बाजार में ग्राहक भी उनके मशरूम को काफी पसंद कर रहे हैं। ताजा, स्वादिष्ट और पौष्टिक मशरूम होने के कारण लोग उनसे बार-बार खरीद रहे हैं।
लिंगा तामो की यह पहल ग्रामीण क्षेत्र में स्वरोजगार, आत्मनिर्भरता और नई खेती की दिशा में एक प्रेरणादायक मिसाल बन गई है।