उन्होंने लिखा, ''हमारी परमाणु क्षमता हमारे लोगों के हित के लिए है और हमारे दुश्मनों के शत्रुतापूर्ण इरादों के खिलाफ हमारे देश की रक्षा के लिए है। हम अपने पड़ोसियों के खिलाफ आधिपत्य की नीति नहीं अपनाते हैं जिसका प्रदर्शन इन दिनों इजरायल द्वारा खूब किया जा रहा है।''
पाकिस्तान ने बताया झूठी खबर
उधर, ईरानी जनरल का एक वीडियो क्लिप वायरल हो रहा है जिसमें दावा किया गया है कि पाकिस्तान इजरायल पर परमाणु हमला करने की योजना बना रहा है। मगर, पाकिस्तान के विदेश मंत्री इशाक डार ने इसे 'मनगढ़ंत' बताते हुए संसद में कहा कि यह गैर-जिम्मेदाराना और झूठी खबर है।
उन्होंने कहा कि यह दावा इंटरनेट पर वायरल हो गया है और यहां तक कि ब्रिटेन के एक समाचार आउटलेट ने भी इसे उठाया है। हमारी तरफ से ऐसा कोई बयान नहीं दिया गया है।
पाक ने दुनिया से क्या आग्रह किया?
परमाणु खतरे की आशंका के मद्देनजर इजरायल पर नकेल कसने के लिए वैश्विक समुदाय से आग्रह करते हुए आसिफ ने एक्स पोस्ट में कहा, ''दुनिया को इजरायल की परमाणु शक्ति के बारे में चिंतित और सतर्क रहना चाहिए क्योंकि यह एक ऐसा देश है जो किसी भी अंतरराष्ट्रीय परमाणु नियमों से बंधा नहीं है, न ही यह परमाणु अप्रसार संधि या किसी अन्य वैश्विक रूप से बाध्यकारी समझौते का सदस्य है।''
गौरतलब है कि शनिवार को नेशनल असेंबली में पाकिस्तानी मंत्री ने ईरान के साथ खड़े होने का संकल्प दोहराया था और मुस्लिम देशों से इजरायल के साथ राजनयिक संबंध खत्म करने का आग्रह किया था।