राजनांदगांव :- भारतीय जनता मजदूर ट्रेड यूनियन काउंसिल (BJMTUC) ने संगठन विस्तार और श्रमिक हितों को सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए समाजसेवी एवं श्रमिक हितैषी रविन्द्र रामटेके को छत्तीसगढ़ राज्य उपाध्यक्ष नियुक्त किया है। यह नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई है। संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष ब्रजेश शर्मा द्वारा जारी नियुक्ति पत्र में श्री रामटेके को आगामी आदेश तक संगठन की जिम्मेदारियों का निर्वहन करने का निर्देश दिया गया है।
संगठन द्वारा जारी आदेश के अनुसार रविन्द्र रामटेके को केवल राज्य उपाध्यक्ष का दायित्व ही नहीं सौंपा गया है बल्कि उन्हें मध्य प्रदेश एवं छत्तीसगढ़ कौशल विकास प्रकोष्ठ तथा ऑल इंडिया कैजुअल एंड कॉन्ट्रैक्चुअल वर्कर्स यूनियन सेक्टर का प्रभारी भी नियुक्त किया गया है। इससे दोनों राज्यों में संगठित एवं असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों के हितों से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाने में सहायता मिलेगी। श्री रामटेके लंबे समय से सामाजिक गतिविधियों एवं श्रमिक कल्याण से जुड़े विषयों में सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। उनकी नियुक्ति से संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। संगठन के पदाधिकारियों का मानना है कि उनके अनुभव और नेतृत्व क्षमता का लाभ प्रदेश के लाखों श्रमिकों को मिलेगा। नई जिम्मेदारी के तहत श्री रामटेके मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में युवाओं एवं श्रमिकों के कौशल विकास, रोजगारोन्मुखी प्रशिक्षण तथा संविदा एवं अस्थायी कर्मचारियों के अधिकारों की रक्षा के लिए विशेष पहल करेंगे। संगठन का उद्देश्य श्रमिकों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना तथा उन्हें बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है। राष्ट्रीय अध्यक्ष ब्रजेश शर्मा ने नियुक्ति पत्र जारी करते हुए आशा व्यक्त की है कि रविन्द्र रामटेके संगठन के उद्देश्यों को आगे बढ़ाने, श्रमिक हितों की रक्षा करने तथा संगठन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण योगदान देंगे। उन्होंने कहा कि संगठन देशभर में संगठित और असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों की आवाज को मजबूत बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। श्री रामटेके की नियुक्ति के बाद श्रमिक संगठनों, सामाजिक कार्यकर्ताओं तथा शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। समर्थकों का कहना है कि उनके नेतृत्व में संगठन की गतिविधियों का विस्तार होगा और श्रमिकों की समस्याओं के समाधान के लिए प्रभावी प्रयास किए जाएंगे।