June 14, 2026


बैहार में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया संत कबीर साहेब का 628वां प्रकट्य उत्सव

आरंग। सदगुरु कबीर धरमदास साहेब सत्संग समिति, आमिन माता महिला मंडली, कबीर पंथ समाज एवं समस्त बैहारवासियों के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को संत शिरोमणि सदगुरु कबीर साहेब का 628वां प्रकट्य उत्सव श्रद्धा, भक्ति और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस भव्य आयोजन में आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए और पूरा गांव आध्यात्मिक वातावरण में सराबोर हो गया।

कार्यक्रम की शुरुआत कलश शोभायात्रा से हुई, जो गांव के प्रमुख मार्गों से होकर निकली। शोभायात्रा में श्रद्धालु भजन-कीर्तन करते हुए सदगुरु कबीर साहेब के मानवता, सत्य और भाईचारे के संदेशों का प्रचार-प्रसार कर रहे थे। मार्ग में ग्रामीणों ने श्रद्धालुओं का आत्मीय स्वागत किया।

इसके पश्चात सतगुरु कबीर साहेब सत्संग समिति भवन में गुरु महिमा पाठ, ध्वजारोहण, सात्विक यज्ञ, चौका आरती एवं अन्य धार्मिक अनुष्ठान महंत विशाल दास साहेब के करकमलों द्वारा संपन्न कराए गए। इस दौरान उपस्थित श्रद्धालुओं ने सामूहिक प्रार्थना कर सत्य, मानवता और भाईचारे के मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।

धार्मिक कार्यक्रमों के उपरांत विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। आयोजन के माध्यम से समाज में एकता, सद्भाव और मानव कल्याण का संदेश प्रसारित किया गया।

कार्यक्रम को सफल बनाने में समिति के पदाधिकारी एवं सदस्यों मनमोहन गुप्ता, भूषण साहू, बल्लू नारायण साहू, लोकनाथ साहू, प्रभु साहू, ईश्वर साहू, मनसुख साहू, दिनेश्वर साहू, रमेश साहू, केशव साहू, तिजुराम साहू, भाऊलाल साहू, भावेश मानिकपुरी, कांमता मानिकपुरी, बसंत यादव सहित सभी सदस्यों की सराहनीय भूमिका रही। आयोजन की सफलता पर समाजजनों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे सामाजिक एकता और आध्यात्मिक जागरूकता का प्रेरणादायी आयोजन बताया।


Related Post

Advertisement

Tranding News

Get In Touch