June 21, 2026


बैहार के समलात चारागाह पर बस स्टैंड निर्माण के विरोध में ग्रामीणों ने सौंपा ज्ञापन


आरंग। नगर पालिका परिषद आरंग की परिषद बैठक में ग्राम बैहार के समलात चारागाह की भूमि पर नया बस स्टैंड निर्माण किए जाने संबंधी प्रस्ताव पारित होने के बाद ग्रामीणों और किसानों में नाराजगी देखी जा रही है। इस प्रस्ताव के विरोध में ग्राम बैहार के किसानों एवं वार्डवासियों ने शासन-प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर चारागाह भूमि को बस स्टैंड के लिए आवंटित नहीं करने की मांग की है।

ग्रामीणों का कहना है कि ग्राम बैहार स्थित खसरा नंबर 272/1 की भूमि पूर्व में गौठान एवं चारागाह के लिए सुरक्षित रखने की शर्त पर भूमिस्वामियों द्वारा कब्जा छोड़कर शासन को सौंपी गई थी। तब से यह भूमि गांव के मवेशियों के लिए चारागाह के रूप में उपयोग में लाई जा रही है। ऐसे में यहां बस स्टैंड निर्माण होने से पशुपालकों और किसानों के सामने चारागाह की गंभीर समस्या उत्पन्न हो जाएगी।

इस विषय की जानकारी मिलने पर वार्ड क्रमांक 16 के किसानों एवं ग्रामीणों की बैठक आयोजित की गई, जिसमें सर्वसम्मति से समलात चारागाह की भूमि पर बस स्टैंड निर्माण का विरोध करने तथा भूमि को चारागाह के रूप में सुरक्षित रखने का निर्णय लिया गया।

इसके बाद ग्रामीण प्रतिनिधियों ने जिला प्रशासन से मुलाकात कर अपनी आपत्ति दर्ज कराई। प्रतिनिधि मंडल में हीरालाल साहू, नारायण साहू, घासीराम साहू, महेश साहू, खिलावन साहू, चंद्रहास साहू, राजेंद्र साहू एवं चंद्रकांत बंजारे शामिल थे। उन्होंने कलेक्टर रायपुर, अनुविभागीय अधिकारी (एसडीएम) आरंग, तहसीलदार आरंग एवं मुख्य नगर पालिका अधिकारी आरंग को ज्ञापन सौंपकर प्रस्ताव पर पुनर्विचार करने तथा चारागाह भूमि को संरक्षित रखने की मांग की।

ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि चारागाह भूमि पर बस स्टैंड निर्माण की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाती है तो वे अपने अधिकारों और गांव के हितों की रक्षा के लिए लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन करने को बाध्य होंगे।


Advertisement

Tranding News

Get In Touch