March 11, 2026


प्रेस क्लब का बहुप्रतीक्षित चुनाव 15 को मतदाता सूची का हुआ प्रारंभिक प्रकाशन

त्रिवर्षीय चुनाव: अध्यक्ष, सचिव और कोषाध्यक्ष के लिए 12 व 13 मार्च को कर सकेंगे नामांकन

राजनांदगांव : प्रेस क्लब राजनांदगांव के बहुप्रतीक्षित त्रिवर्षीय चुनाव प्रक्रिया मंगलवार को संरक्षक मंडल द्वारा बुलाई गई बैठक में चुनाव कार्यक्रमों की घोषणा के साथ प्रारंभ हो गई। मतदाता सूची का प्रारंभिक प्रकाशन कर दिया गया है। त्रिवर्षीय चुनाव के तहत अध्यक्ष, सचिव और कोषाध्यक्ष के लिए 12 व 13 मार्च को नामांकन कर सकेंगे। चुनाव की पूरी प्रक्रिया वरिष्ठ अधिवक्ता उमाकांत भारद्वाज के नेतृत्व में अधिवक्ताओं की टीम द्वारा ही पूरी कराई जाएगी।

प्रेस क्लब भवन में मंगलवार को संरक्षक सुशील कोठारी की अध्यक्षता में सामान्य सभा की बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में क्लब की प्रबंध कार्यकारिणी समिति आगामी कार्यकाल के निर्वाचन के संबंध में विचार-विमर्श किया गया। इस दौरान संरक्षक सुशील कोठारी, सीएल जैन सोना, जितेंद्र मिश्रा, अशोक पांडे, पुरुषोत्तम तिवारी, अध्यक्ष सचिन अग्रहरि, श्याम खंडेलवाल, कमलेश स्वर्णकार, दीपांकर खोबरागड़े, अजय सोनी एवं अन्य सदस्यों ने भी अपनी बात रखी। कुछ सदस्यों ने अपने सुझाव भी रखे। बैठक के दौरान पूरे समय चुनाव को लेकर सदस्यों में जोरदार उत्साह देखा गया।

अपील समिति में तीन वरिष्ठ

बैठक में अपील समिति का भी गठन कर दिया गया। इसमें प्रमुख रूप से संस्था के संरक्षक सीएल जैन सोना, पुरुषोत्तम तिवारी और जितेंद्र मिश्रा शामिल किए गए हैं। उसके बाद तुरंत बाद मतदाता सूची का प्रकाशन भी कर दिया गया। इसी तरह वरिष्ठ अधिवक्ता उमाशंकर भारद्वाज और मनोज चौधरी को चुनाव प्रभारी बनाया गया है। सहायक के रूप में अधिवक्ता विमल हाजरा, खेमराज वर्मा और मनीष तिवारी साथ रहेंगे।

अध्यक्ष के लिए सर्वाधिक दावेदार

चुनाव अध्यक्ष, सचिव और कोषाध्यक्ष पद के लिए होगा। इस बार सर्वाधिक दावेदार अध्यक्ष पद को लेकर सामने आ रहे हैं। वर्तमान अध्यक्ष सचिन अग्रहरि के साथ ही गत चुनाव में उनके निकटतम प्रतिद्वंदी रहे सूरज बुद्धदेव के अलावा संजय सिंह राजपूत, कमलेश स्वर्णकार, रवि मुदिराज, विजय कानूगा, अनुपम सिंह ठाकुर आदि के नामों की चर्चा है। हालांकि अन्य दो पदों के लिए अभी किसी ने खुलकर दावा नहीं किया है। ऐसे में इस बार भी चुनाव रोचक रहने की पूरी संभावना बन रही है।

इस तरह है चुनाव प्रक्रिया 

-10 मार्च मतदाता सूची का प्रारंभिक प्रकाशन

-11 मार्च को दावा आपत्ति, निराकरण व अंतिम प्रकाशन

-12 व 13 मार्च को नामांकन की प्रक्रिया सुबह 10 बजे से

- 13 मार्च को शाम पांच बजे तक नाम वापसी 15 मार्च दोपहर दो बजे तक मतदान, फिर मतगणना


Related Post

Advertisement

Tranding News

Get In Touch