May 30, 2026


55 छात्रों को एटीकेटी मिलने पर बवाल, जांच कमेटी की मांग तेज

राजनांदगांव: शिवनाथ साइंस महाविद्यालय, राजनांदगांव में प्रथम सेमेस्टर के गणित विषय के परीक्षा परिणामों में कथित भारी गड़बड़ी को लेकर एनएसयूआइ ने कालेज प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। गुरुवार को एनएसयूआई पदाधिकारियों और युवा कांग्रेस नेताओं ने कालेज प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच के लिए तत्काल जांच कमेटी गठित करने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी गई कि मांग पूरी नहीं होने पर उग्र आंदोलन किया जाएगा।

आंतरिक मूल्यांकन प्रणाली पर सवाल

युवा कांग्रेसी नेता विप्लव शर्मा ने बताया कि दुर्ग विश्वविद्यालय द्वारा जारी प्रथम सेमेस्टर के परीक्षा परिणाम में गणित विषय के कुल 58 विद्यार्थियों में से 55 छात्रों को एटीकेटी (सप्लीमेंट्री) दे दी गई है। इतनी बड़ी संख्या में छात्रों के अनुत्तीर्ण होने से कालेज की आंतरिक मूल्यांकन प्रणाली एवं शिक्षण व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। उन्होंने कहा कि छात्रों और अभिभावकों में इस परिणाम को लेकर भारी नाराजगी है तथा छात्र मानसिक रूप से परेशान हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए कालेज प्रशासन को तत्काल जांच कमेटी गठित करनी चाहिए, अन्यथा छात्रहित में आंदोलन किया जाएगा। एनएसयूआइ के प्रदेश संयुक्त महासचिव राजा यादव ने कहा कि इतने गंभीर मामले के बावजूद अब तक महाविद्यालय प्रशासन द्वारा किसी भी प्रकार की जांच समिति का गठन नहीं किया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि गणित विषय के संबंधित प्राध्यापक को भी अभी तक कोई नोटिस जारी नहीं किया गया है, जिससे छात्रों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।

 जांच को सार्वजनिक किया जाए

वहीं ब्लाक युवा कांग्रेस अध्यक्ष ऋषभ निर्मलकर ने मांग की कि पूरे मामले की निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच के लिए उच्च स्तरीय जांच कमेटी बनाई जाए और जांच रिपोर्ट को सार्वजनिक किया जाए। उन्होंने कहा कि यदि जल्द कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया तो एनएसयूआई उग्र प्रदर्शन और आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी कॉलेज प्रशासन की होगी। इस दौरान युवा कांग्रेसी विप्लव शर्मा, एनएसयूआई प्रदेश महासचिव राजा यादव, ऋषभ निर्मलकर, मिथलेश चंदेल, आयुष, संजय सिन्हा, राकेश साहू सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


Advertisement

Tranding News

Get In Touch