राजनांदगांव: कार्तिक पूर्णिमा पर शिवनाथ नदी के पावन तट पर आस्था, परंपरा और उल्लास का अनूठा संगम देखने मिलेगा। शहर के मोहारा स्थित शिवनाथ नदी तट पर 23, 24 और 25 नवंबर को तीन दिवसीय कार्तिक पुन्नी मेले का आयोजन होगा। मेले में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और दर्शनार्थियों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए नगर निगम ने तैयारियां तेज कर दी हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा, नदी में सुरक्षा, पर्याप्त रोशनी, पेयजल और स्वच्छता सहित तमाम व्यवस्थाओं के लिए अधिकारियों और कर्मचारियों की शिफ्टवार ड्यूटी लगाई गई है। महापौर मधुसूदन यादव और निगम आयुक्त जीआर मरकाम ने मेला स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया था। इसके बाद आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपते हुए सभी व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने के निर्देश दिए।
प्रतिबंधित पालीथीन का उपयोग नहीं होगा
आयुक्त मरकाम ने नदी किनारे दुर्घटनाओं की आशंका को देखते हुए आवश्यक स्थानों पर बेरिकेटिंग कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पूरे मेला परिसर में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था रहे। इसके लिए मौजूदा बिजली पोल के अलावा जरूरत के अनुसार अतिरिक्त स्थानों पर भी लाइट लगाई जाए। पेयजल उपलब्ध कराने पाइपलाइन का विस्तार कर स्टैंड पोस्ट स्थापित करने के निर्देश भी दिए गए हैं। स्वास्थ्य विभाग को सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने के साथ दुकानदारों को प्रतिबंधित प्लास्टिक का उपयोग नहीं करने और डस्टबिन रखने की समझाइश देने कहा गया है। वहीं राजस्व अमले को मेला परिसर में दोनों ओर व्यवस्थित रूप से दुकानें लगाने के लिए लेआउट तैयार करने और तीनों दिन निगरानी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
अधिकारियों को सौंपी गई जिम्मेदारी
मेला व्यवस्था के नोडल अधिकारी कार्यपालन अभियंता दीपक खांडे बनाए गए हैं। उनके सहयोग के लिए प्रभारी सहायक अभियंता गरिमा वर्मा रहेंगी। पेयजल व्यवस्था का दायित्व कार्यपालन अभियंता (संविदा) यूके रामटेके को दिया गया है, जबकि सहायक अभियंता ज्योति साहू सहयोग करेंगी। संपूर्ण मेला व्यवस्था, बेरिकेटिंग, प्रकाश और दुकानों की व्यवस्था की जिम्मेदारी प्रभारी कार्यपालन अभियंता प्रणय मेश्राम को सौंपी गई है। सभी सहायक और उप अभियंता सुबह आठ से दोपहर दो बजे तथा दोपहर दो से रात 10 बजे तक दो शिफ्टों में व्यवस्था संभालेंगे। राजस्व अधिकारी मोबिन अली अपनी टीम के साथ दुकानों का लेआउट और व्यवस्थाओं की निगरानी करेंगे
भक्ति के रंग में रंगेगी संस्कारधानी, 22 को निकलेगा नगर कीर्तन
गुरु नानक देवजी के 557वें प्रकाश पर्व को लेकर संस्कारधानी में भक्ति और उत्साह का माहौल है। मानवता, प्रेम, समानता और भाईचारे का संदेश देने वाले प्रथम गुरु के प्रकाश पर्व पर गुरुद्वारा गुरु सिंह सभा में धार्मिक आयोजनों की श्रृंखला जारी है। पिछले 11 दिनों से प्रतिदिन सुबह पांच बजे प्रभात फेरी निकाली जा रही है। वहीं 22 नवंबर को दोपहर तीन बजे पंज प्यारों की अगुवाई में शोभायात्रा और नगर कीर्तन निकलेगा। मुख्य आयोजन 24 नवंबर को होगा। गुरुद्वारा साहिब में पिछले दो माह से गुरु ग्रंथ साहिब का अखंड पाठ जारी है। नगर कीर्तन में महिला-पुरुष, बच्चे, बुजुर्ग और कीर्तनी जत्थे शामिल होंगे। विद्युत सज्जा से सुसज्जित वाहन में सिक्किम के डोंगमार साहिब गुरुद्वारे का माडल आकर्षण रहेगा। पुष्पवर्षा करती तोप गाड़ी और निशान साहिब की सेवा करते बच्चे शोभायात्रा की शोभा बढ़ाएंगे। नगर कीर्तन गुरुद्वारा साहिब से प्रारंभ होकर मानव मंदिर चौक, सिनेमा लाइन, गंज लाइन, पुराना बस स्टैंड, जीई रोड, भगत सिंह चौक और गुरुनानक चौक होते हुए शाम सात बजे वापस पहुंचेगा। रात के दीवान में लुधियाना के भाई वीर पारस सिंघ और हजूरी रागी भाई गुरप्रीत सिंह शहूर शबद कीर्तन प्रस्तुत करेंगे। भाई वीर पारस सिंघ 23 नवंबर को सुबह और रात के दीवान में भी कीर्तन करेंगे। अरदास, सुखासन और गुरु का लंगर भी होगा। गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी ने नगरवासियों से आयोजनों में शामिल होने की अपील की है।