राजनांदगांव: भाजपा नेता और सहकारी केंद्रीय बैंक उपाध्यक्ष भरत वर्मा विवादों में घिर गए हैं। शुक्रवार को इंटरनेट मीडिया पर राजनांदगांव-मानपुर सड़क कार्य में संलग्न ठेकेदार के कर्मियों को धमकाते हुए उनका विडियो प्रसारित हुआ है। इस घटनाक्रम के बाद ठेकेदार कंपनी मेसर्स कन्हैयालाल अग्रवाल ने खैरागढ़ से मानपुर तक की सड़क का काम बंद कर दिया है।
कंपनी के प्रोजेक्ट मैनेजर और कर्मचारियों ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय में घटनाक्रम की शिकायत भी की है। इसमें यह भी आरोप लगाए गए हैं कि वर्मा ने कंपनी के मैनेजिंग डायरेक्टर नवीन अग्रवाल से 50 लाख रुपये की मांग की है। इधर, भरत वर्मा ने सारे आरोपों को नकार दिया है। उन्होंने कहा कि मेरी शिकायत के बाद जांच शुरु होने से ठेकेदार को नुकसान होने पर वे फंसाने के प्रयास कर रहे हैं। बहरहाल, पूरा घटनाक्रम प्रदेश की सुर्खियों में बना हुआ है।
पूरा घटनाक्रम, शुक्रवार का है। मोहला-मानपुर के दौरे बीच भरत वर्मा कुमर्दा से घुपसाल के बीच निर्माणाधीन सड़क का निरीक्षण करने पहुंचे। निरीक्षण के दौरान कार्य में संलग्न कर्मचारियों से उनकी कहासुनी हुई। विडियो में नजर आ रहा है कि वर्मा आपे से बाहर हो गए और कर्मियों के खिलाफ अभद्र भाषा का उपयोग किया। कर्मचारियों ने आरोप लगाया है कि उन्होंने मारपीट भी की। घटनाक्रम के बाद कंपनी के प्रोजेक्ट मैनेजर मनीष कुमार साहू अपने कर्मचारियों के साथ शिकायत लेकर पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे। उन्होंने लिखित शिकायत दी। ठेकेदार फर्म की ओर से आरोप लगाया गया है कि भरत वर्मा अपने पद की धौंस दिखाकर कंपनी के मैनेजिंग डायरेक्टर नवीन अग्रवाल से 50 लाख रुपये की मांग कर रहे हैं।
शिकायत की जांच हुई, रिपोर्ट नहीं आई
बता दें कि उक्त मार्ग की निविदा प्रक्रिया पर सबसे पहले सांसद संतोष पांडेय ने सवाल उठाते हुए उच्च स्तरीय शिकायत की थी। हालांकि बाद में प्रकरण ठंडा पड़ गया। फिर सितंबर में भरत वर्मा ने राजनांदगांव से खैरागढ़ और राजनांदगांव से मानपुर तक बन रही कुल 380 करोड़ की लागत की सड़क के निर्माण में अनियमितता और गुणवत्ताहीन कार्य की शिकायत भी की थी। इस शिकायत पर प्रमुख अभियंता वीके भतपहरी ने चार सदस्यीय जांच दल गठित किया था। पांच-छह अक्टूबर को अधिकारियों ने निर्माण कार्य की जांच भी की थी। इसकी रिपोर्ट अब तक सामने नहीं आई है। जिसके बाद अब ये घटनाक्रम सामने आया है।