रायपुर। दीपावली के पावन पर्व पर गुरु गोविंद सिंह वार्ड क्रमांक 29 के पार्षद कैलाश बेहरा ने प्रतिवर्ष की परंपरा को निभाते हुए इस वर्ष भी वार्ड के कर्मवीर सफाई कर्मचारियों के साथ दीपावली का त्योहार हर्षोल्लास एवं आत्मीयता के साथ मनाया।इस अवसर पर पार्षद कैलाश बेहरा ने वार्ड की स्वच्छता एवं सुंदरता बनाए रखने के लिए दिन-रात मेहनत करने वाले सफाई कर्मचारियों को मिठाई, कपड़े, दीपक, पटाखे एवं नकद राशि भेंट कर दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएँ दीं तथा उनके योगदान के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर कैलाश बेहरा ने कहा कि हमारे सफाई कर्मचारी स्वच्छ एवं सुंदर वार्ड की असली पहचान हैं। वे त्योहारों के दौरान भी अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए शहर और वार्ड को स्वच्छ रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उनके परिश्रम, समर्पण और सेवा भावना का सम्मान करना हम सभी का नैतिक दायित्व है।
उन्होंने कहा कि दीपावली खुशियाँ बाँटने और आपसी प्रेम एवं भाईचारे को मजबूत करने का त्योहार है। हमारा प्रयास है कि इस पावन पर्व की खुशियाँ समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुँचे और हमारे सफाई मित्र भी अपने परिवार के साथ हर्षोल्लास से त्योहार मना सकें। अंत में उन्होंने सभी सफाई कर्मचारियों एवं उनके परिवारजनों के सुख, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामना करते हुए दीपावली की शुभकामनाएँ दीं।