November 24, 2026


कर्ज वाली खेती पर फिरा तूफानी पानी

अर्णब के बाद अकवान तूफान के प्रभाव से फसलों को क्षति कटाई में देरी और फिर बारिश से दोबारा अंकुरण की आशंका, गुणवत्ता प्रभावित होगी

राजनांदगांव: किसानों की कर्ज वाली धान की खेती पर इस बार तूफान का पानी फिर गया है। इस खरीफ सीजन में सहकारी केंद्रीय बैंक से कुल 2,72,886 किसानों ने कुल 1676 करोड़ 29 लाख रुपये कर्ज लिया है। सिर्फ राजनांदगांव जिले में ही किसान लगभग 505 करोड़ रुपये के कर्ज तले दबे हुए हैं। इस बीच अक्टूबर के अंत में अर्णब और अब अकवान चक्रवात की दोहरी मार ने किसानों को बदहाली के दरवाजे पर लाकर खड़ा कर दिया है। फसल खेतों में पहले से गिरी पड़ी है। ताजा वर्षा से अब उसके सड़ने या दानों के खराब होने की आशंका ने किसानों को पानी-पानी कर दिया है। उधर कटाई रूकने से दलहन-तिहलन की बोआई में देरी से भी किसानों को नुकसान की चिंता सताने लगी है।

शुक्रवार की सुबह से चक्रवात के प्रभाव से राजनांदगांव, मोहला-मानपुर और खैरागढ़ जिले में रिमझिम बारिश जारी है। शनिवार को भी पूरा दिन बारिश की आशंका है। इन परिस्थितियों के बीच देर से पकने वाला धान सबसे अधिक प्रभावित हो रहा है। वहीं जो किसान अब तक पकी फसल नहीं काट पाए थे, उनके धान को लेकर भी खतरा है। धान में नमी, गुणवत्ता प्रभावित होना और खेतों में बालियों के पुन: अंकुरण की आशंकाएं किसानों को चिंता से घेरे हुए हैं।

कृषि विभाग के आकलन में अर्णब तूफान से राजनांदगांव जिले में लगभग 40 प्रतिशत फसल को क्षति की जानकारी सामने आई थी। राजस्व अमले अब तक इसका आकलन नहीं कर पाया है। इस बीच अकवान के दो दिनी असर से नुकसान और बढ़ना तय माना जा रहा है। आशंका है कि क्षति 60 फीसद तक पहुंच सकती है। फिलहाल किसान अपनी फसल बचाने की जुगत में लगे हुए हैं।

 पर्व में बारिश से जनजीवन प्रभावित

इधर, देवउत्थान एकादशी-तुलसी विवाह के दौरान बारिश से जनजीवन भी प्रभावित हुआ है। पर्व की तैयारियों के दौरान वर्षा ने खलल डाला। पूरे दिन लोग पानी से बचते पूजा सामग्री की खरीदारी और दिनचर्या के काम निपटाने संघर्ष करते दिखे। तूफान के असर से दो दिनों से ठंडी हवा का प्रभाव भी बढ़ा है। शुक्रवार की सुबह कुछ देर मध्यम बारिश के बाद पूरे दिन रिमझिम बारिश जारी रही। इसका असर पूरे अविभाजित राजनांदगांव में देखा गया।

 आंधी-तूफान से धान खरीदी की रफ्तार आधी

अकवान तूफान के बीच धान खरीदी में बड़ी गिरावट दर्ज की गई। कई केंद्रों में खरीदी ही नहीं हो सकी। शुक्रवार को आंधी-तूफान के असर से 868 किसानों से केवल 3356.68 मीट्रिक टन धान खरीदा जा सका। 20 नवंबर को जिले के 122 उपार्जन केंद्रों के लिए 1630 टोकन जारी किए गए थे। इनके माध्यम से 6733.22 मीट्रिक टन धान खरीदी का लक्ष्य निर्धारित था। इसके मुकाबले वास्तविक खरीदी 3356.68 मीट्रिक टन यानी 33,566.80 क्विंटल ही हुई। इस तरह निर्धारित मात्रा का 49.85 प्रतिशत धान ही खरीदा जा सका। शेष 3376.54 मीट्रिक टन धान की खरीदी नहीं हो पाई। शनिवार-रविवार को खरीदी बंद रहेगी।




Advertisement

Tranding News

Get In Touch