November 23, 2026


धान खरीदी के 6 दिन में 6406 किसानों से 24 हजार मीट्रिक टन से अधिक उपार्जन

राजनांदगांव। जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के साथ अवैध धान के भंडारण और परिवहन के खिलाफ प्रशासन की कार्रवाई भी जारी है। खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में 20 नवंबर तक 6406 किसानों से 24038.12 मीट्रिक टन धान खरीदा जा चुका है। आगामी खरीदी दिवस 23 नवंबर के लिए 1460 टोकन जारी किए गए हैं। इनके माध्यम से 6441.13 मीट्रिक टन धान की खरीदी की जाएगी। जिले के सभी 122 उपार्जन केंद्रों में खरीदी की व्यवस्था की गई है। 21 नवंबर को धान खरीदी नहीं हुई।

खाद्य विभाग के अनुसार किसानों से टोकन में निर्धारित तिथि पर ही साफ-सुथरा और सूखा धान लेकर संबंधित उपार्जन केंद्र पहुंचने की अपील की गई है, ताकि खरीदी प्रक्रिया सुचारू रूप से संचालित हो सके।

अवैध धान के भंडारण, परिवहन और उपार्जन केंद्रों में खपाने के प्रयासों पर रोक लगाने राजस्व, खाद्य और मंडी विभाग की संयुक्त टीम निगरानी कर रही है। 21 नवंबर को मंडी राजनांदगांव ने दो प्रकरणों में 1355 कट्टा यानी 542 क्विंटल धान जब्त किया।

कार्रवाई के दौरान ग्राम खपरीखुर्द स्थित एक उद्योग से 745 कट्टा यानी 298 क्विंटल और ग्राम पार्रीकला स्थित एक राइस मिल से 610 कट्टा यानी 244 क्विंटल धान जब्त किया गया। लाइसेंस की निर्धारित सीमा से अधिक धान का भंडारण करने और जरूरी दस्तावेज प्रस्तुत नहीं करने पर जब्ती की कार्रवाई की गई।

20 नवंबर तक जिले में अवैध धान के 27 प्रकरण दर्ज कर 2265.50 क्विंटल धान जब्त किया गया था। 21 नवंबर को दो नए प्रकरणों में 542 क्विंटल धान जब्त होने के बाद अब तक कुल 29 प्रकरण दर्ज किए जा चुके हैं। इन मामलों में 6615 कट्टा यानी 2807.50 क्विंटल धान जब्त किया गया है। इसके अलावा तीन वाहनों की भी जब्ती की गई है।

जिला प्रशासन ने कहा है कि धान खरीदी व्यवस्था में किसी भी तरह की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अवैध धान के भंडारण, परिवहन और विक्रय में संलिप्त लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी। खरीदी केंद्रों की निगरानी कर वास्तविक किसानों को समर्थन मूल्य पर धान बेचने की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।




Advertisement

Tranding News

Get In Touch