25 लाख यात्रियों ने किया सफर, आय में 17.19 प्रतिशत वृद्धि
राजनांदगांव : ट्रेनों में बिना टिकट और अनियमित यात्रा करने वालों के विरुद्ध रेलवे की कार्रवाई में अक्टूबर माह के दौरान 27,999 मामले पकड़े गए। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के नागपुर मंडल ने इन मामलों में जुर्माना और किराये के रूप में 1.55 करोड़ रुपये वसूल किए। राजनांदगांव सहित मंडल के विभिन्न रेलवे स्टेशनों और ट्रेनों में टिकट जांच अभियान चलाकर नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई की गई।
रेलवे के अनुसार, अक्टूबर 2026 में नागपुर मंडल से 2.47 मिलियन यात्रियों ने सफर किया। इससे 29.79 करोड़ रुपये का यात्री राजस्व मिला, जो अक्टूबर 2025 की तुलना में 17.19 प्रतिशत अधिक है। मंडल ने इस दौरान 2.04 मिलियन टन माल का परिवहन कर 157.98 करोड़ रुपये अर्जित किए। वहीं, 1,708 टन पार्सल परिवहन से 27.89 लाख रुपये की आय हुई। गैर-किराया स्रोतों से 93.32 लाख रुपये और खानपान सेवाओं से 14.06 लाख रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ। टिकट जांच अभियानों में बिना टिकट यात्रा, अनियमित यात्रा और बिना बुक किए गए सामान के मामले पकड़े गए। रेलवे परिसर में धूम्रपान करने के 25 मामलों में 50 हजार रुपये तथा गंदगी फैलाने के 29 मामलों में 17,300 रुपये का जुर्माना वसूला गया।