राजनांदगांव। सिख धर्म के प्रथम गुरु एवं महान संत गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के पावन अवसर पर राजनांदगांव शहर में भव्य शोभायात्रा निकाली गई। इस शोभायात्रा का हिंदू जागरण मंच जिला राजनांदगांव के कार्यकर्ताओं द्वारा तिरंगा चौक, गंज लाइन में आत्मीयता एवं उत्साह के साथ भव्य स्वागत किया गया।
इस अवसर पर हिंदू जागरण मंच के कार्यकर्ताओं ने शोभायात्रा में शामिल श्रद्धालुओं का स्वागत करते हुए गुरु नानक देव जी के प्रति अपनी श्रद्धा एवं सम्मान प्रकट किया। स्वागत स्थल पर कार्यकर्ताओं द्वारा उत्साहपूर्वक जयकारे लगाए गए। पूरे वातावरण में धार्मिक आस्था, श्रद्धा और उत्साह का माहौल देखने को मिला।
हिंदू जागरण मंच के कार्यकर्ताओं ने गुरु नानक देव जी के जीवन, उनकी शिक्षाओं तथा मानवता को दिए गए संदेश को स्मरण करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प व्यक्त किया। गुरु नानक देव जी ने समाज को प्रेम, सेवा, समानता, सद्भाव और मानव कल्याण का संदेश दिया। उनकी शिक्षाएं आज भी समाज को एकता और भाईचारे के सूत्र में बांधने का कार्य करती हैं।
तिरंगा चौक एवं गंज लाइन में हिंदू जागरण मंच द्वारा किए गए स्वागत से शोभायात्रा में शामिल श्रद्धालुओं में भी हर्ष का वातावरण रहा। कार्यकर्ताओं ने श्रद्धापूर्वक जयकारों के साथ शोभायात्रा का अभिनंदन किया।
इस अवसर पर हिंदू जागरण मंच के सुशील लड्ढा, राजा गुप्ता, हरीश भानुशाली, महेंद्र जँघेल जुगल गुप्ता, मनोज गोलछा, ऋषभ मल्ल, नीलू साहू, चंद्रेश जैन, आशीष सोनी, राजेश श्रीवास, भव्य देवांगन, राकेश श्रीवास, आयुष गोखले, गोविंद गुप्ता, राजबहादुर सिंह एवं आशीष तिवारी सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
हिंदू जागरण मंच के कार्यकर्ताओं ने गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व पर सभी श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं देते हुए सामाजिक समरसता, आपसी सद्भाव और एकता का संदेश दिया।