November 22, 2026


8.56 एकड़ में बनेगा आदि दिव्य योग धाम 112 फीट ऊंची होगी आदियोगी प्रतिमा

हरियाणा से आए महंत अच्युतम दास ने किया भूमिपूजन, 11 हजार शिवलिंग का कारिडोर, गौशाला, गुरुकुल और नशामुक्ति केंद्र सहित कई निर्माण प्रस्तावित

राजनांदगांव: छुरिया क्षेत्र के माहका-भोलापुर मार्ग पर प्रस्तावित आदि दिव्य योग धाम के निर्माण की शुरुआत हो गई है। 18 नवंबर को हरियाणा से आए संकल्प फाउंडेशन आदियोगी धाम के महंत स्वामी अच्युतम दास ने वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ भूमिपूजन किया। धाम निर्माण के लिए पूरण नेताम ने अपनी 8.56 एकड़ भूमि दान की है। प्रस्तावित परियोजना में 112 फीट ऊंची आदियोगी प्रतिमा और 11 हजार शिवलिंग का कारिडोर सहित कई धार्मिक एवं सामाजिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी।

भूमिपूजन कार्यक्रम में खुज्जी विधायक भोलाराम साहू उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि आदि दिव्य योग धाम केवल धार्मिक स्थल नहीं, बल्कि आध्यात्मिक चेतना, संस्कार और सकारात्मक विचारों के प्रसार का केंद्र बनेगा। भाजपा नेता रविंद्र वैष्णव ने कहा कि युवाओं को नशे से दूर रखना समाज के सामने बड़ी चुनौती है। ऐसे आध्यात्मिक केंद्र लोगों को सद्मार्ग और नशामुक्त जीवन अपनाने की प्रेरणा दे सकते हैं। जिला प्रवक्ता चुम्मन साहू ने गौसेवा और संरक्षण को सामाजिक एवं सांस्कृतिक जिम्मेदारी बताते हुए कहा कि धाम के माध्यम से गौमाता की सेवा के प्रति भी जागरूकता बढ़ेगी। उन्होंने निर्माण कार्य में सभी से सहयोग करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में भूमि दान करने वाले पूरण नेताम के योगदान की सराहना की गई। उपस्थित जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने इसे क्षेत्र के धार्मिक एवं सामाजिक विकास की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया। भूमिपूजन के बाद महंत ने श्रद्धालुओं को 20 रुपये के नए नोट के साथ प्रसाद वितरित किया। इस अवसर पर महामंत्री राजू सिन्हा, रविंद्र वैष्णव, राम साहू, पूरण नेताम, रोशन साहू, खुमान सिन्हा, गोलू सिन्हा, रामलाल गजेंद्र सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और ग्रामीण उपस्थित रहे।

धाम में बनेंगे 11 हजार शिवलिंग का कारिडोर और गुरुकुल

महंत अच्युतम दास ने कहा कि धाम का निर्माण सामूहिक सहयोग से होगा। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि आर्थिक सहयोग संभव नहीं हो तो कम से कम निर्माण कार्य का विरोध न करें। प्रस्तावित परियोजना में 112 फीट ऊंची आदियोगी प्रतिमा, 11 हजार शिवलिंग का कारिडोर, नशामुक्ति केंद्र, अनाथ आश्रम, वृद्धाश्रम, भोजनालय, अतिथि गृह, गौशाला, गुरुकुल, ध्यान केंद्र और सांस्कृतिक भवन शामिल हैं। इसे बहुउद्देशीय अंतरराष्ट्रीय परियोजना के रूप में विकसित करने की योजना है।




Advertisement

Tranding News

Get In Touch