छुरिया : पंचायत कार्यालयों से नदारद रहने वाले सचिवों पर प्रशासन ने सख्ती शुरू कर दी है। जनपद पंचायत छुरिया की अलग-अलग ग्राम पंचायतों में सुबह 10 बजे एक साथ औचक निरीक्षण किया गया। इस दौरान निर्धारित समय पर कार्यालय से अनुपस्थित मिले सचिवों को कारण बताओ नोटिस जारी कर तत्काल जवाब मांगा गया है।
कलेक्टर के निर्देश पर जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी होरीलाल साहू ने अधीनस्थ अधिकारियों की अलग-अलग टीमें बनाकर यह कार्रवाई की। निरीक्षण के दौरान पंचायत सचिवों की उपस्थिति और कार्यालयीन व्यवस्थाओं की जांच की गई। बिना पूर्व सूचना और अनुमति के अनुपस्थित पाए गए सचिवों से स्पष्टीकरण मांगा गया है।
प्रशासन को पिछले कुछ दिनों से शिकायतें मिल रही थीं कि कुछ पंचायत सचिव मुख्यालय और कार्यालयों में नियमित रूप से उपस्थित नहीं रहते। इससे ग्रामीणों के जरूरी शासकीय कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में देरी हो रही थी।
अधिकारी ने कहा कि शासकीय कार्यों में लापरवाही, उदासीनता और बिना अनुमति अनुपस्थिति बर्दाश्त नहीं की जाएगी। नोटिस का संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर संबंधित सचिवों के विरुद्ध नियमानुसार अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।