राजनांदगांव: ग्राम बोरी में स्थापित किए जा रहे कोल्ड स्टोरेज निर्माण कार्य में लगभग दो करोड़ रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने गाजियाबाद स्थित मेट्रो रेफ्रिजरेशन इंडस्ट्रीज के संचालक सुखविंदर सिंह के खिलाफ धोखाधड़ी का अपराध दर्ज किया है। आरोप है कि कंपनी ने कोल्ड स्टोरेज निर्माण के लिए करोड़ों रुपये लेने के बावजूद तय काम पूरा नहीं किया और शेष राशि भी वापस नहीं की।
पुलिस के अनुसार जय मां संतोषी कोल्ड स्टोरेज की संचालक मीरा माखीजा ने शिकायत दर्ज कराई है कि वर्ष 2022 में ग्राम बोरी स्थित जमीन पर कोल्ड स्टोरेज निर्माण के लिए मेट्रो रेफ्रिजरेशन इंडस्ट्रीज, गाजियाबाद से अनुबंध किया गया था। दोनों पक्षों के बीच 7.18 करोड़ रुपये में निर्माण कार्य का सौदा तय हुआ था। अनुबंध के अनुसार छह माह के भीतर परियोजना पूरी की जानी थी।
शिकायत में बताया गया है कि बैंक के माध्यम से 6.55 करोड़ रुपये का भुगतान किया गया। इसके अलावा कंपनी संचालक के कहने पर 62.21 लाख रुपये नगद भी दिए गए। इस प्रकार कुल 7.17 करोड़ रुपये का भुगतान किया गया। आरोप है कि कंपनी ने केवल 5.19 करोड़ रुपये के कार्य का ही निष्पादन किया। बताया गया कि बाद में शेष कार्य नागपुर की एक विशेषज्ञ कंपनी तथा अन्य एजेंसियों की मदद से पूरा कराया गया। कार्य और भुगतान का मिलान करने पर करीब 1.98 करोड़ रुपये की राशि का हिसाब नहीं मिला। अब अनुबंधकर्ता यह रकम नहीं लौटा रहा है। कोतवाली पुलिस ने शिकायत और दस्तावेजों की जांच के बाद प्रथम दृष्टया धोखाधड़ी का मामला पाए जाने पर आरोपित सुखविंदर सिंह के खिलाफ अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।