November 05, 2026


छत्तीसगढ़ राज्योत्सव 2026 : प्रभारी मंत्री गजेंद्र यादव ने किया विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण

राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना के 26 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर शहर के पद्मश्री गोविंदराम निर्मलकर ऑडिटोरियम में राज्योत्सव 2026 का भव्य और रंगारंग आयोजन किया गया है। इस गरिमामयी अवसर पर स्कूल शिक्षा एवं जिले के प्रभारी मंत्री श्री गजेंद्र यादव ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए विकासात्मक स्टॉलों और प्रदर्शनियों का सूक्ष्मता से अवलोकन किया। मंत्री ने न केवल स्टॉलों का जायजा लिया, बल्कि मौके पर ही स्वास्थ्य जांच कराकर और हितग्राहियों को योजनाओं के लाभ वितरित कर अनूठी मिसाल पेश की।

मंत्री ने स्टॉल पर कराया ब्लड टेस्ट, बांटे चेक और लाइसेंस

राज्योत्सव परिसर में पहुंचे प्रभारी मंत्री श्री गजेंद्र यादव ने विभिन्न विभागों के स्टॉलों पर पहुंचकर कामकाज की जमीनी हकीकत परखी:

स्वास्थ्य विभाग: मंत्री ने स्वास्थ्य विभाग के स्टॉल पर पहुंचकर स्वयं अपना ब्लड टेस्ट कराया और चिकित्सा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

राजस्व विभाग: उन्होंने स्वामित्व योजना के तहत पात्र हितग्राहियों को अधिकार अभिलेख (पट्टे/दस्तावेज) प्रदान किए।

महिला एवं बाल विकास: महिलाओं की आर्थिक उन्नति और स्वावलंबन को बढ़ावा देने के लिए 'सक्षम योजना' के तहत महिलाओं को सहायता राशि के चेक वितरित किए गए।

परिवहन विभाग: परिवहन स्टॉल पर पहुंचकर उन्होंने नागरिकों को लर्निंग ड्राइविंग लाइसेंस का वितरण किया।

जनसंपर्क विभाग के स्टॉल पर रही खासी भीड़

राज्योत्सव में जनसंपर्क विभाग के स्टॉल पर शासन की लोकहितकारी योजनाओं की जानकारी लेने के लिए लोगों का तांता लगा रहा। यहां 'छत्तीसगढ़ जनमन' पत्रिका, सुशासन के नवाचार ब्रोशर, 'सशक्त महिला सशक्त छत्तीसगढ़', और 125 दिनों के रोजगार की नई गारंटी 'जी राम जी' समेत अन्य प्रकाशनों का नि:शुल्क वितरण किया गया। इसके अलावा जनसंपर्क विभाग की फोटो प्रदर्शनी में सरकार द्वारा चलाए जा रहे विभिन्न अभियानों और विकास कार्यों को बेहद आकर्षक ढंग से प्रदर्शित किया गया।

कृषि, उद्यानिकी और बिहान के व्यंजनों ने मोहा मन

राज्योत्सव में सजे विभिन्न विभागों के स्टॉल लोगों के आकर्षण का मुख्य केंद्र रहे:

कृषि एवं उद्यानिकी: कृषि विभाग के स्टॉल में किसानों को रबी फसल चक्र परिवर्तन के तहत धान के बदले कम पानी की आवश्यकता वाली फसलें उगाने, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना और जैविक खेती की जानकारी दी गई। उद्यानिकी स्टॉल में गेंदा फूल, शिमला मिर्च, केला, पपीता और टमाटर जैसी फसलों के आधुनिक उत्पादन के गुर सिखाए गए। साथ ही महिला स्वसहायता समूहों द्वारा उत्पादित रागी, कोदो, सरसों तेल और जैविक चावल बिक्री के लिए उपलब्ध रहे।

बिहान स्टॉल: एनआरएलएम (बिहान) के स्टॉल पर छत्तीसगढ़ के पारंपरिक और स्वादिष्ट व्यंजनों जैसे चिल्ला, फरा, चौसेला, अईरसा, ठेठरी और खुर्मी का स्वाद चखने के लिए लोगों की भीड़ जुटी रही।

अन्य विभाग: जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा 'सुरक्षित बचपन अभियान' की जानकारी दी गई। महिला एवं बाल विकास ने 'पो_ लईका पहल' के जरिए बच्चों के सुपोषण और बाल विवाह मुक्त छत्तीसगढ़ का संदेश दिया। विद्युत विभाग के स्टॉल पर 'प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना' तथा पुलिस विभाग के स्टॉल पर साइबर जागरूकता, सड़क सुरक्षा और शस्त्रों की प्रदर्शनी ने सभी का ध्यान आकर्षित किया।

इस भव्य आयोजन के माध्यम से राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी आम जनता तक सुगमता से पहुंच रही है, जिससे उत्सव में पहुंचे हजारों दर्शकों में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है।



Related Post

Advertisement

Tranding News

Get In Touch