रामकुमार गुप्ता आरंग : राज्य स्तरीय कराटे प्रतियोगिता में गांधी इंग्लिश मीडियम हायर सेकेंडरी स्कूल, आरंग के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी प्रतिभा और खेल कौशल का लोहा मनवाया। प्रतियोगिता में विद्यालय के खिलाड़ियों ने दो स्वर्ण और एक रजत पदक जीतकर विद्यालय का नाम रोशन किया। वहीं दो स्वर्ण पदक विजेताओं ने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन के दम पर राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए भी स्थान सुनिश्चित किया है।
विद्यालय के चार विद्यार्थियों ने ब्लॉक, जिला एवं संभाग स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए राज्य स्तरीय प्रतियोगिता तक का सफर तय किया। राज्य स्तर पर महत्व नाथ योगी ने बालक अंडर-17 के माइनस 35 किलोग्राम भार वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया। वे कैलाश नाथ योगी एवं कोकिला योगी के पुत्र हैं। इस उपलब्धि के साथ उनका चयन राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए हुआ है।
इसी तरह कृतिका साहू ने बालिका अंडर-17 के माइनस 68 किलोग्राम भार वर्ग में अपने प्रतिद्वंद्वियों को पछाड़ते हुए स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया। उन्होंने भी राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयनित होकर विद्यालय और क्षेत्र को गौरवान्वित किया। कृतिका, देवेंद्र साहू एवं चंद्रप्रभा साहू की पुत्री हैं।
वहीं चिराग चंदानी ने बालक अंडर-17 के माइनस 62 किलोग्राम भार वर्ग में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए रजत पदक प्राप्त किया। वे भवन चंदानी एवं कंचन चंदानी के पुत्र हैं। प्रतियोगिता में श्लोक पुरी गोस्वामी ने भी उत्साहपूर्वक भाग लेकर विद्यालय का प्रतिनिधित्व किया। वे चंदन पुरी एवं लक्ष्मी गोस्वामी के पुत्र हैं।
विद्यार्थियों की इस सफलता पर अभिभावकों ने उनके मार्गदर्शन एवं प्रशिक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाली खेल शिक्षिका प्रियल साहू तथा विद्यालय प्रबंधन के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस उपलब्धि पर विकासखंड शिक्षा अधिकारी दिनेश शर्मा ने सभी विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि खेल केवल पदक जीतने का माध्यम नहीं है, बल्कि इससे विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, अनुशासन, धैर्य और निरंतर प्रयास करने की भावना भी विकसित होती है। उन्होंने राष्ट्रीय स्तर के लिए चयनित महत्व नाथ योगी एवं कृतिका साहू को विशेष शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि दोनों खिलाड़ी राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय और आरंग क्षेत्र का गौरव बढ़ाएंगे।
विद्यालय के प्राचार्य हरेश कुमार दास एवं समस्त विद्यालय परिवार ने सभी प्रतिभागियों की मेहनत और उपलब्धियों की सराहना करते हुए उन्हें पुरस्कृत करने की घोषणा की। विद्यार्थियों की इस सफलता से विद्यालय में हर्ष का माहौल है। यह उपलब्धि अन्य विद्यार्थियों के लिए भी खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने की प्रेरणा बनेगी।